जिलेभर में पुलिस की बड़ी रात्रि कांबिंग 300 जवानों ने संभाला मोर्चा, 126 वारंटी और 11 फरार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर।
जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने मंगलवार रात व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक साथ सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया गया, जिसमें करीब 300 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
होटल-ढाबों से लेकर संदिग्ध ठिकानों तक दबिश
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों, संदिग्ध इलाकों, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थानों और वारंटियों के निवास स्थानों पर सघन जांच एवं दबिश दी। योजनाबद्ध और समन्वित कार्रवाई के चलते जिलेभर में कानून तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया।
126 वारंटियों की गिरफ्तारी
अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। कुल 126 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 50 स्थायी वारंटी और 76 गिरफ्तारी वारंट से संबंधित आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी पकड़कर न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए अभिरक्षा में लिया गया।
निगरानी बदमाशों की सख्त चेकिंग
पुलिस ने निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा-बदमाशों की विधिवत जांच कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया और उन्हें कड़ी वैधानिक चेतावनी दी। संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए 10 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
हथियार और नशे में ड्राइविंग पर कार्रवाई
कांबिंग के दौरान एक व्यक्ति के पास से धारदार हथियार बरामद होने पर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बीते एक सप्ताह में नशे में वाहन चलाने वाले 105 लोगों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस की जनता से अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। वारंटियों, फरार आरोपियों, अवैध गतिविधियों या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त और निरंतर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
