भाठागांव रोड में बार-बार पाइपलाइन लीकेज पर महापौर मीनल चौबे सख्तलीकेज तत्काल दुरुस्त कर गड्ढे बंद करने के निर्देश, निर्माणाधीन सड़क कार्य में तेजी लाने का आदेश
रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने भाठागांव रोड पर बार-बार हो रही पाइपलाइन लीकेज की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों पर नाराजगी जताई है। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पाइपलाइन लीकेज की सूचना मिलते ही मौके पर तत्काल पहुंचकर श्रेष्ठ तकनीकी पद्धति से सुधार किया जाए और मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढों को बिना देरी बंद किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की कोई आशंका न रहे। उन्होंने इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर करने के निर्देश दिए।
महापौर मीनल चौबे ने एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा और दीपक जायसवाल तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भाठागांव चौक से तिफरा चौक तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाइपलाइन लीकेज से उत्पन्न गंदे पानी की समस्या और इससे आम नागरिकों को हो रही परेशानी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। महापौर ने कहा कि बार-बार लीकेज होना तकनीकी लापरवाही का संकेत है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग के अध्यक्ष मनोज वर्मा, लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, अधीक्षण अभियंता इमरान खान एवं उप अभियंता रमेश पटेल उपस्थित रहे। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइपलाइन सुधार कार्य के बाद सड़क की सतह को तुरंत दुरुस्त किया जाए, ताकि आवागमन बाधित न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महापौर ने भाठागांव चौक से तिफरा चौक तक 15वें वित्त आयोग मद से लगभग 3 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सड़क डामरीकरण कार्य का भी प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गति पर असंतोष जताते हुए निर्देश दिए कि सड़क डामरीकरण का कार्य तेज गति से कराया जाए और सतत मॉनिटरिंग के साथ उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग शहर का प्रमुख आवागमन मार्ग है, इसलिए निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
महापौर ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और पाइपलाइन सुधार कार्य आपस में समन्वय के साथ किए जाएं, ताकि एक ही स्थान पर बार-बार खुदाई की स्थिति न बने। उन्होंने जनहित और जनउपयोग को सर्वोपरि रखते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन महापौर ने दिया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
