October 20, 2026

मुंगेली । नगर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की सख्ती शुक्रवार को स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

0
IMG-20260116-WA0153.jpg


शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहे पड़ाव चौक में सुबह से शुरू हुई अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। इस दौरान अवैध रूप से लगे होडिंग,ठेले,गुमटियां और अस्थायी दुकानों को हटाया गया, जिससे क्षेत्र में दिनभर अफरा-तफरी और हलचल का माहौल बना रहा।

पड़ाव चौक नगर का मुख्य व्यावसायिक और यातायात केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही होती है। लंबे समय से सड़क किनारे लगी गुमटियां, चाय-नाश्ते के ठेले, सब्जी-फल विक्रेताओं की अस्थायी दुकानें और अव्यवस्थित पार्किंग यातायात में बाधा बन रही थीं। इसके कारण आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही थी और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया। शुक्रवार सुबह नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। पहले अतिक्रमणकारियों को समझाइश दी गई, इसके बाद भी नियमों का पालन नहीं करने वालों पर सख्ती बरती गई और अवैध ढांचों को हटाया गया।

इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अजय शतरंज ने कहा कि “पड़ाव चौक में अतिक्रमण के कारण लगातार यातायात बाधित हो रहा था और आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी। प्रशासन का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।”

वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर ने बताया कि “नगर पालिका क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए ठेले और गुमटियों को हटाने की कार्रवाई नियमों के तहत की गई है। पहले समझाइश दी गई, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी। भविष्य में पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर और सख्त कदम उठाए जाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed