हसदेव प्रवाह न्यूज का असर : मुंगेली में चला बुलडोजर, अवैध निर्माण पर प्रशासन का सीधा प्रहार
हसदेव प्रवाह न्यूज का असर : मुंगेली में चला बुलडोजर, अवैध निर्माण पर प्रशासन का सीधा प्रहार
मुंगेली । नगर में अवैध निर्माण के खिलाफ लंबे समय बाद प्रशासन की सख्ती एक बार फिर सामने आई है। शुक्रवार को नगर पालिका, राजस्व विभाग और नजूल विभाग की संयुक्त टीम ने वार्ड क्रमांक 2 में अवैध रूप से किए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से नगर क्षेत्र में हड़कंप मच गया और यह स्पष्ट संदेश गया कि नियमों से ऊपर कोई नहीं है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 2 में रुचि जैन द्वारा कराए गए निर्माण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में कहा गया था कि निर्माण स्वीकृत नक्शे के विपरीत कराया गया है और नजूल भूमि पर भी अतिक्रमण किया गया है। नगर पालिका द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले संबंधित निर्माणकर्ता को नोटिस जारी किया गया था और निर्माण संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई।
संयुक्त जांच में यह तथ्य सामने आया कि निर्माण निर्धारित अनुमति से अधिक किया गया है तथा स्वीकृत शर्तों का उल्लंघन किया गया है। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का निर्णय लिया गया। सोमवार सुबह प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और बुलडोजर की सहायता से अवैध हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और प्रशासन की इस सख्ती को देखने पहुंचे। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी प्रकार की कानून व्यवस्था की समस्या नहीं हुई।
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर ने बताया कि संबंधित निर्माण में अनुमति से अधिक निर्माण पाया गया था और नजूल भूमि पर भी अतिक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका को इस मामले में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद जांच कराई गई और दोष सिद्ध होने पर यह कार्रवाई की गई।

सीएमओ ने दो टूक कहा कि नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर के अन्य वार्डों में भी अवैध निर्माण को लेकर जांच की जा रही है और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से नगर में यह संदेश गया है कि अब अवैध निर्माण करने वालों को किसी भी प्रकार की छूट नहीं मिलेगी। नगर पालिका और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर को अवैध अतिक्रमण से मुक्त करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कानून का बुलडोजर चलता रहेगा।


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
