October 20, 2026

जशपुर में 6.55 करोड़ की धान खरीदी अनियमितता का खुलासा, खरीदी केंद्र के फड़ प्रभारी गिरफ्तार, छह पर एफआईआर

0
IMG-20260106-WA0562.jpg

जशपुर । जिले के तुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत धान खरीदी उप केंद्र कोनपारा में खरीफ वर्ष 2024-25 के दौरान हुई बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की धान खरीदी में गड़बड़ी को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली है। इस मामले में खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी सहित कुल छह आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 जनवरी 2026 को अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी राम कुमार यादव, उम्र 61 वर्ष, द्वारा थाना तुमला में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा (पंजीयन क्रमांक 128) के धान खरीदी उप केंद्र में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा खरीफ वर्ष 2024-25 के दौरान धान खरीदी कार्य में गंभीर अनियमितता की गई है, जिससे शासन को करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंची है।

रिपोर्ट के अनुसार, खरीदी केंद्र के कंप्यूटर रिकॉर्ड में कुल 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दर्शाई गई थी, जबकि मिल एवं संग्रहण केंद्रों को कुल 1,40,663.12 क्विंटल धान ही परिदान किया गया। इस प्रकार 20,586.88 क्विंटल धान की भारी कमी पाई गई। इस संबंध में संयुक्त जांच दल द्वारा भौतिक सत्यापन भी कराया गया, जिसमें मौके पर धान उपलब्ध नहीं पाया गया और जांच रिपोर्ट में भी उतनी ही मात्रा में धान की कमी की पुष्टि हुई।

प्राथमिक जांच में प्रति क्विंटल 3,100 रुपये की दर से 20,586.88 क्विंटल धान की कीमत लगभग 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपये आंकी गई। इसके अतिरिक्त धान पैकिंग में उपयोग किए गए नए एवं पुराने कुल 4,898 नग बारदाने, जिनकी कीमत 17 लाख 7 हजार 651 रुपये है, को मिलाकर शासन को कुल 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान लगाया गया है।

पुलिस ने इस मामले में धान खरीदी उप केंद्र कोनपारा के संदिग्ध व्यक्तियों—भुनेश्वर यादव (प्राधिकृत अधिकारी), जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक), शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी), जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर), अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी) एवं चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी)—के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4), 320, 336, 338 एवं 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना शुरू कर दी है।

विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों में से फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम झारमुंडा, थाना तुमला, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है और शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, सहायक उप निरीक्षक टेकराम सारथी, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक दुर्योधन यादव, अजीत लाल टोप्पो एवं महिला आरक्षक बीरजिनिया टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

पुलिस अधीक्षक जशपुर ने बताया कि अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर धान खरीदी में हुई करोड़ों रुपये की अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में आगे की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed