October 20, 2026

NH-130A पर बने नए स्पीड ब्रेकर बने हादसों की वजह

0
IMG_20260106_155559.jpg


• कलेक्टर बंगले के सामने मां-बेटा गिरे, बिना संकेतक निर्माण पर जनता में आक्रोश


मुंगेली । मुंगेली से बिलासपुर को जोड़ने वाले मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130A पर करही स्थित कलेक्टर बंगले के सामने एकाएक बनाए गए तीन बड़े स्पीड ब्रेकर अब आम राहगीरों के लिए खतरे का कारण बनते जा रहे हैं। बिना किसी पूर्व सूचना, सावधानी बोर्ड, संकेतक, रेडियम पट्टी अथवा काली-सफेद रंगाई के बनाए गए इन स्पीड ब्रेकरों के कारण लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार को इसी स्थान पर स्कूटी से गुजर रहे मां और बेटा अचानक सामने आए ऊंचे स्पीड ब्रेकर का अंदाजा नहीं लगा पाए और असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। गनीमत रही कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन हादसे ने प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोल दी। इससे पहले भी कई बाइक और स्कूटी सवार यहां गिरते-गिरते बचे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-130A मुंगेली-बिलासपुर मार्ग पर दिनभर भारी आवागमन रहता है। इस मार्ग से दोपहिया, चारपहिया के साथ भारी वाहन भी तेज गति से गुजरते हैं। ऐसे में बिना मानकों का पालन किए बनाए गए स्पीड ब्रेकर कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। नागरिकों ने आरोप लगाया कि स्पीड ब्रेकर बनाकर छोड़ दिए गए, लेकिन सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम नहीं किए गए।

इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने नाराजगी जताई है। कई नागरिकों ने प्रशासन से सवाल किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे व्यस्त मार्ग पर नियमों की अनदेखी कैसे की जा सकती है। लोगों की मांग है कि या तो इन स्पीड ब्रेकरों को मानक अनुरूप बनाया जाए या तत्काल प्रभाव से चेतावनी बोर्ड, संकेतक और रेडियम पट्टी लगाई जाए।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर कब और क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed