जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई — ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की 50 लाख से अधिक की संपत्ति फ्रीज
जशपुर । नशे के कारोबार पर नकेल कसने जशपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्यवाही करते हुए कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की 50 लाख 64 हजार 653 रुपए कीमत की संपत्ति को सफेमा (SAFEMA) कोर्ट, मुंबई के आदेश पर फ्रीज कराया है। जप्त की गई संपत्ति में तस्कर के मकान, चार मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक स्विफ्ट कार शामिल है। पुलिस की यह कार्रवाई स्वापक औषधि तथा मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 68 के अंतर्गत की गई है।
ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत यह कदम जिले में नशे के अवैध कारोबारियों को सख्त संदेश देने वाला साबित हुआ है।
बार-बार पकड़ा गया था कुख्यात तस्कर
रोहित यादव पर पिछले कई वर्षों से गांजा तस्करी के कई प्रकरण दर्ज हैं।
वर्ष 2013 में कोतबा पुलिस ने 13 किलो गांजा के साथ उसे पकड़ा था।
वर्ष 2017 में अंबिकापुर पुलिस ने 23.630 किलो गांजा जब्त किया था।
वर्ष 2021 में कोतबा पुलिस ने 20.570 किलो गांजा बरामद किया।
वहीं वर्ष 2023 में भी वह 82 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया था।
लगातार कार्यवाही के बावजूद तस्कर ने नशे का कारोबार जारी रखा और इसी के माध्यम से उसने लाखों रुपए की संपत्ति खड़ी कर ली थी।
जांच में उजागर हुई अवैध संपत्ति
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल ने आरोपी की संपत्ति की जांच की। जांच में पाया गया कि रोहित यादव के पास मकान, वाहन और बैंक खातों में 50 लाख से अधिक की संपत्ति है, जबकि उसकी आमदनी खेती-किसानी से बताई गई थी।
रिपोर्ट को सक्षम अधिकारी एवं प्रशासक SAFEMA कोर्ट, मुंबई को भेजा गया, जहां आरोपी को दो बार अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, लेकिन वह कोर्ट में उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद SAFEMA कोर्ट ने उसकी संपत्ति को 68(f)(1) NDPS Act 1985 के तहत फ्रीज करने का आदेश जारी किया।
सरगुजा रेंज में दूसरी बड़ी कार्रवाई
यह सरगुजा रेंज में SAFEMA के तहत की गई दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पूर्व मार्च 2025 में जशपुर पुलिस ने थाना बागबहार क्षेत्र के ग्राम हल्दीझरिया निवासी हीराधार यादव की 1 करोड़ 38 लाख 82 हजार 134 रुपए मूल्य की संपत्ति को भी फ्रीज कराया था।
एसएसपी बोले — नशे का धंधा छोड़ें, वरना होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गांजा तस्करी रोकने पुलिस की यह कठोर कार्रवाई है। उन्होंने कहा — “गांजा का व्यापार करने वालों को स्पष्ट संदेश है कि वे यह धंधा छोड़ दें, अन्यथा उनकी अवैध कमाई पर इसी तरह की कार्यवाही होती रहेगी।”
ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत जारी है मुहिम
जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार जारी है। पुलिस जहां नशे के सामान के साथ आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है, वहीं अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर भी शिकंजा कस रही है। आने वाले दिनों में ऐसे और तस्करों पर कार्रवाई की संभावना है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
