ग्राम बवाली शराब प्रकरण की जांच के लिए कांग्रेस ने पांच सदस्यीय टीम बनाई
मुंगेली। । पथरिया विकासखंड के ग्राम बवाली में शासकीय स्कूल भवन में शराब मिलने की घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली सक्रिय हो गई है। कांग्रेस ने पूरे मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित कर दी है।
महामंत्री संजय यादव द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि ग्राम बवाली के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मध्यप्रदेश की शराब की भारी मात्रा बरामद की गई थी। एक ओर जहां मंदिरों के ताले जड़ दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर नई शराब दुकानों के खुलने से ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष धनश्याम मानिकपुरी के मार्गदर्शन में यह जांच समिति बनाई गई है। समिति में दिलीप कोषिक (संयोजक), विद्यानंद चंद्राकर, उर्मिला यादव, राजा ठाकुर, और आयुष पांडेय को सदस्य नियुक्त किया गया है।
जिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यह टीम सात दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट अध्यक्ष को प्रस्तुत करेगी। कांग्रेस ने प्रशासन से भी अपेक्षा की है कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाए ताकि दोषियों पर सख्त कदम उठाए जा सकें।
संजय यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित और पारदर्शिता के पक्ष में रही है, और इस तरह की घटनाओं पर पार्टी चुप नहीं बैठेगी। आदेश की प्रति प्रदेश कांग्रेस कमेटी रायपुर एवं जिला संगठन प्रभारी को भी भेजी गई है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
