शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने का मुख्य आरोपी जेल दाखिल
दुर्ग । शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को चौकी स्मृति नगर थाना सुपेला पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी करण शर्मा के लिखित शिकायत पत्र पर सूर्या माल जुनवानी में निशा बिजनेस कन्सलटेंट प्रायवेट लिमिटेड एवं यूनिक इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन कार्यालय सुपेला चौक नामक कंपनी खोला जाकर शेयर मार्केट में निवेश के नाम से बीस से चालीस प्रतिशत का लाभ होने का लालच देकर उससे एवं उसके अन्य साथियों से लगभग 66 लाख 47 हजार की धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट पर आरोपीगण के विरूद्ध धारा 318(4) , 61(2) बीएनएस के तहत अपराध धारा पंजीबद्ध कर पूर्व में प्रकरण में पांच आरोपीगण स्नेहांशु नामदेव , उसकी पत्नी डाली नामदेव , निशा मानिकपुरी , धातरी कोसरे और शुभम गुप्ता को गिरफ्तार किया जाकर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण के मुख्य आरोपी स्नेहांशु नामदेव एवं अन्य से पूछताछ के आधार पर प्रकरण के एक अन्य मुख्य आरोपी सोमेन्द्र पाटिल के संबंध में भी प्रकरण में संलिप्तता से संबंधित साक्ष्य पाया गया। जिस पर सोमेन्द्र पाटिल को पुलिस अभिरक्षा में लिया जाकर उससे पूछताछ पर सोमेन्द्र पाटिल द्वारा प्रकरण के अन्य आरोपीगण के साथ मिलकर एक राय होकर षडयंत्रपूर्वक निवेशकों से धोखाधड़ी करने की नियत से उनसे निशा बिजनेस कन्सलटेंट प्रायवेट लिमिटेड एवं यूनिक इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन नामक कंपनी में निवेश कराकर एवं एक वर्ष मे राशि दुगुनी करने का लालच देकर उनसे लगभग सात करोड़ की राशि का निवेश कराया एवं मुख्य आरोपी स्नेहांशु नामदेव के साथ मिलकर निवेशकों से प्राप्त राशि का तीस प्रतिशत राशि कमिशन के रूप में लगातार प्राप्त कर धोखाधड़ी एवं आपराधिक षडयंत्र को अंजाम दिया गया। जिसमें निवेशकों द्वारा निवेशित कुल राशि का बीस प्रतिशत रकम आरोपी सोमेन्द्र पाटिल द्वारा स्वयं रखकर शेष रकम स्नेहांशु नामदेव को दिया जाता था। अब तक आरोपी सोमेंद्र पाटिल द्वारा लगभग चार करोड़ पचास हजार रूपये की रकम प्राप्त कर निवेशकों से धोखाधड़ी को अंजाम दिया जाना पाया गया। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से क्रय किया गया कार (महिंद्रा सीजी 07 सी वाय 9080) कीमती अड़तीस लाख रूपये एवं एक गूगल फोन जुमला कीमती लगभग चालीस लाख रूपये , चल/अचल संपत्ति क्रय करने व निवेशकों से प्राप्त रकम से संबंधित दस्तावेज जप्त किया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से चौकी स्मृति नगर , थाना सुपेला पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी –
सोमेन्द्र पाटिल पिता पुरूषोत्तम पाटिल उम्र 28 वर्ष निवासी सेक्टर 06 भिलाई नगर , जिला – दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
