राजधानी रायपुर में युवक पर हमला, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज
रायपुर । राजधानी रायपुर में पंडरी थाना सिविल लाइन क्षेत्र के फारेस्ट कॉलोनी में रहने वाले एक युवक ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की गंभीर शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पीड़ित युवक, जो वर्तमान में सीए की पढ़ाई कर रहा है, ने आरोप लगाया है कि आरोपी कुनाल यादव, मयंक यादव और उनके साथियों ने उसे लगातार धमकाने और मारपीट करने की कोशिश की है।
पीड़ित की लिखित रिपोर्ट के अनुसार, 01 अक्टूबर 2025 को वह अपने घर के पास खड़ा था, तभी आरोपी कुनाल यादव मोटरसाइकिल से मयंक यादव को लेकर मेन रोड की ओर जाते हुए उसे गंदी-गंदी गालियां देकर निकल गया। घटना से आहत युवक ने अगले दिन आरोपियों से इसका कारण पूछा।
02 अक्टूबर की दोपहर लगभग 3:00 से 3:30 बजे के बीच दूसरी घटना हुई। पीड़ित युवक झांकी देखकर लौट रहा था, तभी पंडरी मेन रोड स्थित दिग्जाम शो रूम के पास उसने आरोपियों को बैठे देखा और उनसे सवाल किया। इस पर आरोपियों ने गाली देने से इंकार किया और उल्टा युवक पर झूठा आरोप लगाने का तंज कसते हुए उसे गंदी गालियां दीं। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर युवक पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान हाथ-मुक्कों के साथ ही एक आरोपी ने पास पड़ा बांस का टुकड़ा उठाकर पीड़ित पर वार किया।
हमले में पीड़ित के हाथ और चेहरे पर चोट आई है। साथ ही उसकी स्कूटी (एक्टिवा क्रमांक सीजी 04 एमव्ही 5037) को भी क्षति पहुंची है। पीड़ित का कहना है कि आसपास मौजूद लोगों ने पूरी घटना देखी। उसने घटना की जानकारी अपने चाचा स्वराज यादव और चचेरे भाई पंकज यादव को दी और फिर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पंडरी इलाके में अपराधियों के बढ़ते हौसले को दर्शाती हैं।
पीड़ित युवक ने कहा कि वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना चाहता था, लेकिन लगातार गाली-गलौज और मारपीट जैसी घटनाओं से वह और उसका परिवार भयभीत हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
