तेज रफ्तार कार की चपेट में आया मवेशी, पलटकर गड्ढे में गिरी कार
मुंगेली । तेज रफ्तार वाहन का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन सड़क पर दौड़ते बेजुबान मवेशियों को हादसों का शिकार होना पड़ रहा है, जिसके चलते कई बार उनकी जान तक चली जाती है। ऐसा ही एक हादसा शुक्रवार रात बिलासपुर–मुंगेली मुख्य मार्ग पर देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार रात करीब 9:40 बजे एलआईसी कार्यालय के पास एक तेज रफ्तार कार (क्रमांक सीजी 28 J 5484) सड़क किनारे अचानक आए मवेशी से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे में मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, चालक की स्थिति की पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं और सड़क पर बैठे या घूमते मवेशियों के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मवेशियों को सड़क से हटाने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
