एसपी भोजराम पटेल ने लगाई पहल चौपाल – युवाओं को पुलिस एवं फौज भर्ती के लिए किया प्रेरित
मुंगेली । युवाओं को सही दिशा देकर समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण के उद्देश्य से जिला पुलिस मुंगेली द्वारा “पहल चौपाल” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम गोडखाम्ही स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें जीवन में अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि —
“जीवन में जो भी कार्य करो, सफलता की चिंता किए बिना पूरी ईमानदारी और कठिन परिश्रम से करो, सफलता अपने आप मिलती जाएगी।”

शिक्षा और अच्छे संस्कार पर जोर
एसपी श्री पटेल ने विद्यार्थियों को पूर्ण शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया और अच्छे संस्कार, सुविचार एवं लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सदैव जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों को अच्छे मित्र बनाने की सीख दी तथा अपराध, नशे और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे खतरों से बचने की सलाह दी।
निःशुल्क प्रशिक्षण का शुभारंभ
इस अवसर पर थाना लोरमी के अंतर्गत इच्छुक विद्यार्थियों के लिए पुलिस भर्ती एवं फौज भर्ती हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। एसपी श्री पटेल ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस प्रशिक्षण का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सरकारी सेवाओं में चयनित होकर परिवार एवं जिले का नाम रोशन करें।
आयोजन और संचालन
इस सफल कार्यशाला का आयोजन टीआई अखिलेश वैष्णव एवं थाना लोरमी के स्टाफ के नेतृत्व में किया गया। पहल टीम की बबीता श्रीवास और पुलिस बाल मित्र रोशना डेविड (उड़ान जीएस सोसा महासमुंद) ने कार्यक्रम को सहयोग प्रदान किया।
पहल चौपाल के माध्यम से ग्रामीण अंचलों के युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने जिला पुलिस की इस पहल की सराहना की।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
