आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने किया बिलासपुर पुलिस का वार्षिक निरीक्षण, परेड और सम्मेलन में जवानों का उत्साहवर्धन
बिलासपुर । दिनांक 18 सितम्बर 2025 को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला (आईपीएस) द्वारा जिला पुलिस बिलासपुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया।
वार्षिक निरीक्षण का शुभारंभ पुलिस ग्राउंड में परेड से हुआ, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) के नेतृत्व में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी, यातायात और पुलिस लाइन के कुल 231 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता और पुलिस टुकड़ियों द्वारा आईजी को सलामी दी गई।
निरीक्षण के दौरान मार्च पास्ट, स्क्वाड ड्रील, बलवा ड्रील, फायरिंग अभ्यास और शासकीय वाहनों की जांच की गई। उत्कृष्ट टर्न-आउट और अनुशासन का प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत किया गया।
परेड के पश्चात चेतना हॉल में पुलिस सम्मेलन आयोजित हुआ, जहां आईजी डॉ. शुक्ला ने अधिकारियों और जवानों की समस्याएं सुनीं और उनका त्वरित निराकरण किया। उन्होंने पिछले एक वर्ष में बिलासपुर पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए जनता के प्रति और बेहतर व्यवहार, अनुशासन, नवीन तकनीकों के उपयोग तथा नए कानूनों के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया। विशेष रूप से उन्होंने E-साक्ष्य, E-समन, Netgrid, I-RAID, ICJS, CCTNS जैसे डिजिटल उपकरणों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया।
इस अवसर पर डॉ. शुक्ला ने चेतना अभियान के तहत यातायात शिक्षा पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक में यातायात के मूलभूत नियम, आधारभूत जानकारी और आधुनिक तकनीकों का संकलन है, जो यातायात शिक्षा को मजबूत करेगा। यह पुस्तक रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता द्वारा, एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में तैयार की गई है।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने निर्माणाधीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं पुलिस लाइन कार्यालय का निरीक्षण किया और पुलिस जवानों के लिए बने नवनिर्मित डबल स्टोरी भवन का लोकार्पण भी किया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की सभी शाखाओं का निरीक्षण कर, शाखावार समीक्षा की गई। इस दौरान एएसपी अर्चना झा और डीएसपी मुख्यालय रश्मित कौर चावला के मार्गदर्शन में किए गए व्यवस्थित कार्यों की प्रशंसा की गई। शाखा प्रभारियों को प्रोत्साहन हेतु पुरस्कार भी दिए गए।
इस प्रकार वार्षिक निरीक्षण में न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन हुआ बल्कि आधुनिक तकनीक, अनुशासन और जनहितकारी कार्यों को बढ़ावा देने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिए गए।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
