फर्जी पुलिस अधिकारी पकड़ा गया, रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायपुर। राजधानी पुलिस ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से फर्जी पुलिस आईडी, क्रेटा कार, दो मोबाइल फोन, सोने के जेवर और 1 लाख 99 हजार रुपए नगद सहित करीब 20 लाख रुपए का सामान जप्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना पुरानी बस्ती पुलिस द्वारा गुरुवार को वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान क्रेटा कार (क्रमांक CG-04-MM-0024) को रोककर पूछताछ की गई। वाहन चालक ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिस पर पुलिस को शक हुआ। गहन पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आशीष घोष पिता प्रसून्न कुमार घोष उम्र 31 वर्ष निवासी हनुमान वाटिका, भाठागांव, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर बताया।

जाँच के दौरान आरोपी ने अपने आप को पुलिस अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड दिखाया। उस कार्ड पर “ANTI CORRUPTION BUREAU EOW CHHATTISGARH” लिखा हुआ था और उस पर आशीष घोष का ही फोटो चस्पा था। पहली नजर में कार्ड संदिग्ध प्रतीत होने पर जब्त कर लिया गया।
कार की तलाशी लेने पर सफेद रंग का टिन प्लेट जिस पर पुलिस लिखा हुआ था, एक लाल रंग का बैग जिसमें 1,99,000 रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और अन्य सामान मिला। जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी पुलिस का फर्जी आईडी बनाकर खुद को अधिकारी बताकर धोखाधड़ी की नीयत से घूम रहा था।
इस मामले में थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 366/2025 धारा 204, 319(2), 336(3), 339, 340(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है तथा आगे की जांच के लिए रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के मोबाइल और जब्त आईडी कार्ड की बारीकी से जांच की जा रही है, जिससे अन्य संभावित पीड़ितों और नेटवर्क का भी खुलासा हो सके।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
