प्यार में बन गई चोर, बॉयफ्रेंड को बाइक गिफ्ट करने के लिए प्रेमिका ने रची साजिश कांकेर में प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार, 1 लाख नगद व गहने चोरी
कांकेर। प्यार के जुनून में एक युवती ने कानून की सारी हदें पार कर दीं। कांकेर जिले के हल्बा थाना क्षेत्र के ग्राम डूमरपानी में रहने वाली युवती ने अपने बॉयफ्रेंड को महंगी बाइक गिफ्ट करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए प्रेमी-प्रेमिका दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित कन्हैया पटेल ने 9 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 अगस्त की रात बाजार से लौटने पर उसने घर का ताला टूटा पाया। घर का सामान बिखरा हुआ था और दो पेटियां खुली पड़ी थीं। इनमें रखे 1 लाख रुपये नगद और करीब 1 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवती, जो पीड़ित की परिचित है, ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर यह साजिश रची। युवती ने पूछताछ में कबूला कि बाइक खरीदने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए दोनों ने चोरी करने की योजना बनाई। वारदात वाली रात करीब 2 बजे प्रेमी बाहर निगरानी करता रहा और युवती घर में घुसकर नगदी व गहने ले गई।
चोरी के पैसे से युवती ने बॉयफ्रेंड को बाइक खरीदकर दी, जबकि गहने अपने घर ले गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से 95 हजार रुपये और चोरी के गहने बरामद कर लिए हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
