October 19, 2026

माइक्रोसॉफ्ट का फर्जी लाइसेंस दिलाने के नाम पर 3 लाख की ठगी, आरोपी की मां गिरफ्तार

0
IMG-20250724-WA0927.jpg

बिलासपुर | सरकंडा थाना क्षेत्र में सेना के एक जवान से मल्टी मिलियन डॉलर प्रोजेक्ट और माइक्रोसॉफ्ट का फर्जी लाइसेंस दिलाने के नाम पर ₹3 लाख की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी की मां ईश्वरी साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी राजू साहू फरार है।

प्रार्थी सोमेश सिंह, जो वर्तमान में भारतीय सेना में पदस्थ है, ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका पूर्व सैन्य साथी राजू साहू, जो अब सेना छोड़ चुका है, ने उसे मल्टी मिलियन डॉलर प्रोजेक्ट में काम करने का झांसा दिया। आरोपी ने कहा कि वह माइक्रोसॉफ्ट का लाइसेंस दिलाएगा और अच्छे वर्करों की आवश्यकता है।

सोमेश ने सरकारी सेवा में होने की असमर्थता जताई, तो आरोपी ने कहा कि वह अपने किसी परिजन के नाम से काम कर सकता है। इस बहाने से आरोपी ने किश्तों में ₹1.5 लाख + ₹1.5 लाख = ₹3 लाख की रकम अपनी मां ईश्वरी साहू के ICICI बैंक खाते में जमा करवाई।

आरोपी राजू साहू ने जब प्रार्थी को किसी प्रकार का वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं दिया, तब ठगी का संदेह हुआ। रकम वापसी की मांग करने पर आरोपी ने धमकी दी कि वह पाकिस्तान के खाते से रकम ट्रांसफर कर देगा और उसे फँसा देगा।

शिकायत के आधार पर अप.क्र. 1003/2025 धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(D) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश पांडे के नेतृत्व में टीम गठित कर सउनि देवेंद्र तिवारी के साथ दबिश दी गई।

पूछताछ में ईश्वरी साहू ने स्वीकार किया कि उसके खाते में ₹1.5 लाख आए थे और उसका बेटा राजू दिल्ली में ऑनलाइन मार्केटिंग करता है।
साक्ष्य के आधार पर ईश्वरी साहू को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed