जिला पंचायत सीईओ ने की प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत आवास निर्माण की समीक्षा
अप्रारंभ और प्रगतिरत आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
मुंगेली । जिले में प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन और अप्रारंभ आवासों की प्रगति की समीक्षा जिला पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पांडेय द्वारा की गई। यह समीक्षा बैठक जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई, जिसमें सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आर.ई.एस.) विभाग के एस.डी.ओ., सब इंजीनियर एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान सीईओ प्रभाकर पांडेय ने निर्देशित किया कि जिले के सभी प्रगतिरत और अभी तक प्रारंभ नहीं हुए आवास निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना का उद्देश्य अनुसूचित जनजाति समुदाय के जरूरतमंद हितग्राहियों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, कार्यों की गुणवत्ता से समझौता न हो और प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक हितग्राही को योजना संबंधी समुचित जानकारी, निर्माण प्रक्रिया में सहभागिता और समय पर सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि वह योजना का वास्तविक लाभ प्राप्त कर सके।
सीईओ ने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में निर्माण कार्य की प्रगति धीमी है, वहां विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा और ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक का उद्देश्य न केवल कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना था, बल्कि योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय और दक्ष प्रबंधन सुनिश्चित करना भी था, जिससे जिले के हर पात्र हितग्राही को समय पर आवास मिल सके और योजना के लक्ष्य की पूर्ति हो सके।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
