“ऑपरेशन तलाश” के तहत मुंगेली पुलिस की बड़ी कामयाबी – बिलासपुर से नाबालिग बालिका बरामद, आरोपी गिरफ्तार
मुंगेली । पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत मुंगेली पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बिलासपुर से एक नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। साथ ही उसे बहला-फुसलाकर भगाने व दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पीड़िता के परिजन ने थाना सिटी कोतवाली में 08 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई है। तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामला दर्ज कर पुलिस ने अपराध क्रमांक 310/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत विवेचना प्रारंभ की। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 15 जुलाई को आरोपी दीपक मानिकपुरी उर्फ टाइसन (उम्र 21 वर्ष, निवासी शिवाजी वार्ड, मुंगेली) को सिरगिट्टी, बिलासपुर से गिरफ्तार कर पीड़िता को उसके कब्जे से बरामद किया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा कराए गए कथन में पीड़िता ने पुष्टि की कि आरोपी ने उसे नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद बहला-फुसलाकर भगाया और दैहिक शोषण किया। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है। प्रकरण में आगे की कार्रवाई के तहत धारा 87, 64(1) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धाराएँ 4 और 6 भी जोड़ी गईं। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरजाशंकर यादव, प्र.आर. मनोज सिंह, अजय सिंह, आर. योगेश यादव, विकास सिंह और महिला आरक्षक नंदनी साहू की सराहनीय भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
