October 19, 2026

तखतपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन: तेवर गैंग के सरगना राहुल धुरी गिरफ्तार, पैदल जुलूस निकाला गया

0
1750838726-1.jpg

तखतपुर । नगर सहित क्षेत्र में आतंक का पर्याय बन चुके तेवर गैंग के अपराधियों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। आम जनता को बेवजह डराने-धमकाने, मारपीट और पैसे की लूटपाट जैसी लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की सक्रियता को देखते हुए तेवर ग्रुप के आरोपी इधर-उधर भाग निकले, मगर गिरफ़्त से नहीं बच सका गैंग का मुख्य सरगना राहुल धुरी।

छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार
तेवर ग्रुप के कुख्यात बदमाश राहुल धुरी पर नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और बलात्कार का संगीन आरोप था। मुखबिर की सूचना पर जरहागांव थाना अंतर्गत ग्राम अमोरा (जिला मुंगेली) में उसके मामा के घर से उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी हाल ही में बाइक से गिरने के कारण बाएं पैर में चोट लगने पर वहां इलाज करा रहा था और पुलिस से छुपकर रह रहा था।



नगर में निकाला गया पैदल जुलूस, सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
गिरफ्तारी के बाद थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस ने राहुल धुरी का पुराने बस स्टैंड से नए बस स्टैंड तक पैदल जुलूस निकाला। नगरवासियों ने बदमाश की तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर साझा किया। लोगों में पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर संतोष और प्रशंसा का माहौल है।

6 संगीन मामले दर्ज, गैंग हिस्ट्रीशीट खुला
राहुल धुरी उर्फ गोलू (पिता रमेश धुरी, निवासी धुरी पारा, देवांगन मोहल्ला, तखतपुर) पर थाना तखतपुर में कुल 6 गंभीर प्रकरण दर्ज हैं—

1. अपराध क्र. 468/21 – धारा 294, 506, 307, 34 भादवि
2. अपराध क्र. 24/2023 – धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट
3. अपराध क्र. 497/2023 – धारा 25 आर्म्स एक्ट
4. अपराध क्र. 333/2024 – धारा 296, 115(2), 351(2), 118, 3(5) BNS
5. अपराध क्र. 370/2024 – धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट
6. अपराध क्र. 700/2024 – धारा 126, 351(2), 3(5) BNS, 12 पोक्सो एक्ट



इन गतिविधियों को देखते हुए बिलासपुर एसपी के आदेश पर तेवर ग्रुप की गैंग हिस्ट्रीशीट भी खोली गई है।

विशेष न्यायालय में पेशी
गंभीर धाराओं में फंसे आरोपी को फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय (पॉक्सो एक्ट), बिलासपुर में विधिवत प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अब तेवर ग्रुप के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगी है।

नगरवासियों की मांग है कि ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर क्षेत्र में अमन-शांति बनाए रखा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed