October 20, 2026

नौतपा की तपिश में खाद के लिए लंबी कतार, किसानों को नहीं मिल रही मूलभूत सुविधा

0
IMG_20260525_141501_418.webp



सुपर एजेंसी में 100 से ज्यादा किसान लाइन में खड़े, पानी तक की व्यवस्था नहीं

मुंगेली। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच खाद वितरण केंद्रों में किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। शहर स्थित सुपर एजेंसी में खाद लेने पहुंचे किसानों की लंबी कतार देखने को मिली, जहां करीब 100 से अधिक लोग घंटों से लाइन में खड़े नजर आए। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह से ही किसान खाद लेने के लिए पहुंच गए थे, लेकिन भीड़ बढ़ने के बाद भी वहां पर्याप्त व्यवस्था नजर नहीं आई। सबसे बड़ी समस्या यह रही कि खाद लेने पहुंचे लोगों के लिए पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं की गई थी। कई किसान सड़क किनारे खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।

तपती सड़क पर घंटों इंतजार

नौतपा के कारण जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में खुले आसमान के नीचे खड़े किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। महिलाओं और बुजुर्ग किसानों को भी लाइन में घंटों इंतजार करना पड़ा। लोगों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित एजेंसी को भीड़ को देखते हुए छाया, पानी और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए थी।

किसानों ने व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई

खाद लेने पहुंचे किसानों ने मांग की है कि वितरण केंद्रों में टोकन व्यवस्था लागू की जाए और गर्मी को देखते हुए पेयजल व टेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसानों का कहना है कि खेती-किसानी के इस महत्वपूर्ण समय में खाद के लिए इस तरह परेशान होना पड़ रहा है, जो चिंता का विषय है।

अव्यवस्था से बढ़ रही नाराजगी

लोगों का कहना है कि हर वर्ष खाद वितरण के दौरान भीड़ की स्थिति बनती है, इसके बावजूद पर्याप्त तैयारी नहीं की जाती। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed