अपनों की बेरुखी: सीएम के स्वागत पोस्टरों से उपमुख्यमंत्री और दिग्गज नदारद, क्या ये महज चूक है या ‘सियासी कटिंग’?
मुंगेली भाजपा की बैनर राजनीति फिर चर्चा में, संगठनात्मक समन्वय पर उठे सवाल…
मुंगेली/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 10 मई को प्रस्तावित मुंगेली आगमन से पहले लगाए गए स्वागत पोस्टर और बैनरों को लेकर शहर और भाजपा संगठन में चर्चाओं का माहौल गरमा गया है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और कार्यक्रम स्थलों पर लगाए गए कई पोस्टरों, बैनरों में प्रदेश के डिप्टी सीएम विजय शर्मा समेत कई स्थानीय वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें गायब रहने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
स्थानीय स्तर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और राजनीतिक जानकारों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि मुख्यमंत्री के स्वागत जैसे बड़े राजनीतिक आयोजन में पार्टी के शीर्ष नेताओं को पर्याप्त स्थान नहीं दिया गया। कई बैनरों में स्थानीय पदाधिकारियों और चुनिंदा चेहरों को प्रमुखता से स्थान मिला, जबकि डिप्टी सीएम विजय शर्मा सहित कुछ स्थानीय वरिष्ठ नेताओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया, जिससे उनके समर्थकों में नाराजगी देखी गई।
राजनीतिक गलियारों में इसे केवल तकनीकी चूक नहीं बल्कि संगठन के भीतर चल रहे समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा में पोस्टर और बैनर केवल स्वागत का माध्यम नहीं होते, बल्कि यह राजनीतिक महत्व और संगठनात्मक प्राथमिकता का भी संकेत माने जाते हैं। ऐसे में बड़े नेताओं की अनुपस्थिति कई सवाल खड़े कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मुंगेली में आयोजित महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम के दौरान कुछ वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें प्रचार सामग्री से गायब होने को लेकर नाराजगी सामने आई थी। उस समय भी पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चा हुई थी। अब मुख्यमंत्री के आगमन पर एक बार फिर वही स्थिति बनने से भाजपा की अंदरूनी राजनीति चर्चा में आ गई है।
हालांकि पार्टी संगठन की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं कुछ कार्यकर्ताओं का कहना है कि पोस्टर तैयार करने में स्थानीय स्तर पर समन्वय की कमी के कारण ऐसा हुआ होगा। बावजूद इसके, शहर में यह चर्चा तेज है कि आखिर भाजपा मुंगेली में किन नेताओं को प्राथमिकता दी जा रही है और किन्हें धीरे-धीरे किनारे किया जा रहा है ?


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
