October 19, 2026

कागजों पर वार्ड 8, हकीकत में वार्ड 5: झूलेलाल मंदिर के पास सड़क निर्माण निविदा पर गहराया विवाद।

0
IMG-20260311-WA0127.jpg

मुंगेली/ नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा वार्ड क्रमांक 8 में सीसी सड़क निर्माण के लिए जारी की गई निविदा को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में नगर पालिका के उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा के बाद अब वार्ड के पार्षद मोहन मल्लाह ने भी सवाल उठाते हुए नगर पालिका प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। दोनों जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जिस स्थान के लिए निविदा जारी की गई है, वहां पहले से ही सड़क बनी हुई है। ऐसे में नई सड़क निर्माण की निविदा जारी करना समझ से परे है।
दरअसल, नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा 29 जनवरी 2026 को जारी प्रथम मैनुअल निविदा सूचना के तहत वार्ड क्रमांक 8 में झूलेलाल मंदिर के पास सीसी सड़क निर्माण कार्य के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। इस कार्य की अनुमानित लागत 7.78 लाख रुपये निर्धारित की गई है। निविदा प्रक्रिया के अनुसार एकीकृत पंजीयन प्रणाली के अंतर्गत पंजीकृत ठेकेदारों से पीडब्ल्यूडी रोड एसओआर 01 जनवरी 2025 की अनुसूची के अनुसार कम, बराबर या अधिक प्रतिशत दर पर निविदा आमंत्रित की गई थी।

निविदा के लिए 5835 रुपये अमानत राशि और 750 रुपये निविदा प्रपत्र शुल्क तय किया गया है, जबकि निर्माण कार्य की अवधि दो माह निर्धारित की गई है। निविदा प्रक्रिया के तहत आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026, निविदा प्रपत्र जारी करने की अंतिम तिथि 13 फरवरी 2026 तथा निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2026 तय की गई थी।

हालांकि निविदा जारी होने के बाद इस पर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जिस स्थान का उल्लेख निविदा में किया गया है, वहां पहले से सड़क बनी हुई है। ऐसे में उसी जगह पर दोबारा सड़क निर्माण के लिए निविदा निकालना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा, “नगर पालिका परिषद को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर यह सड़क कहां बनाई जाएगी। अगर जिस स्थान का उल्लेख किया गया है वहां पहले से सड़क बनी हुई है, तो फिर उसी स्थान के लिए दोबारा निविदा जारी करना जनता के पैसों की बर्बादी जैसा प्रतीत होता है। प्रशासन को इस मामले में पारदर्शिता रखते हुए स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।”

इसी मामले में वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद मोहन मल्लाह ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि वार्ड में जिस स्थान पर सड़क निर्माण की बात कही जा रही है, वहां पहले से ही सड़क मौजूद है। ऐसे में नगर पालिका द्वारा जारी की गई निविदा से भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। शंकर वार्ड 5 के पार्षद मोहन मल्लाह ने कहा,
“यदि वार्ड में कहीं नई सड़क बनानी है तो उसका सही स्थान स्पष्ट किया जाना चाहिए। जिस जगह पहले से सड़क बनी है, वहां फिर से सड़क बनाने की बात समझ से परे है। नगर पालिका को इस मामले में सड़क निर्माण की जगह स्पष्ट करें। वरिष्ठ पार्षद मोहन मल्लाह ने आगे कहा कि जो टेंडर नगर पालिका ने 29 जनवरी 2026 को निकाल वार्ड क्रमांक 8 में झूलेलाल मंदिर के पास सीसी सड़क निर्माण कार्य उल्लेखित किया गया हैं, तो यह झूलेलाल मंदिर के पास का क्षेत्र वार्ड क्रमांक 5 शंकर वार्ड हैं टेंडर में वार्ड गलत लिखा गया हैं, जिससे भ्रम और संदेह दोनों उत्पन्न हो रहा हैं, जल्द ही इस निविदा को निरस्त की जानी चाहिए।

इस पूरे मामले को लेकर अब स्थानीय नागरिकों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता जरूरी है और यदि किसी कार्य के लिए निविदा जारी की जाती है तो उसके स्थान और आवश्यकता के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए, और जो निविदा झूलेलाल मंदिर के पास सीसी सड़क निर्माण कार्य निकाला गया हैं उसमें वार्ड क्रमांक 8 उल्लेखित हैं जबकि वह वार्ड नम्बर 5 हैं।

फिलहाल इस मामले में नगर पालिका परिषद मुंगेली प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि नगर पालिका प्रशासन इस विवाद पर क्या जवाब देता है और प्रस्तावित सड़क निर्माण का वास्तविक स्थान क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed