October 20, 2026

आनलाइन ठगी हेतु किराये में खाता देने का आरोपी जेल दाखिल

0
IMG-20260207-WA0564.jpg

धमतरी – आनलाइन ठगी के लिये पैसे के लालच में किराये पर खाता देने के आरोपी को थाना मगरलोड पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस मीडिया समूह से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में म्यूल अकाउंट एवं ऑनलाइन ठगी के मामलों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु की जाने वाली कार्यवाही के क्रम में थाना मगरलोड द्वारा एक म्यूल अकाउंट धारक के विरुद्ध महत्वपूर्ण कार्यवाही की गई है।‌‌ भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के माध्यम से प्राप्त अनलॉजमेंट नंबर के आधार पर म्यूल अकाउंट लेयर-1 के खाता धारक का अवलोकन किया गया , जिसमें यह तथ्य सामने आया कि गत माह 09 जनवरी को बैंक ऑफ बड़ौदा , मेघा शाखा , थाना मगरलोड के एक खाते में 24,000 रूपये की राशि ऑनलाइन ठगी के माध्यम से प्राप्त की गई है। जांच में पाया गया कि उक्त खाता धमेन्द्र कुमार साहू के नाम पर दर्ज है। विवेचना के दौरान पीड़िता एवं गवाहों के कथन लेखबद्ध किये गये , जिनमें बताया गया कि एक व्यक्ति द्वारा धनलक्ष्मी बैंक से लोन दिलाने का झांसा देकर पीड़िता का मोबाइल लेकर ऑनलाइन लोन आवेदन के बहाने फोन-पे का पासवर्ड प्राप्त कर आरोपी के खाते के क्यूआर कोड के माध्यम से 24,000 रूपये की धोखाधड़ी की गई। बैंक स्टेटमेंट के अवलोकन से यह पुष्टि हुई कि उक्त राशि यूपीआई ट्रांजेक्शन के माध्यम से आरोपी के खाते में प्राप्त हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा चॉइस सेंटर संचालन से संबंधित शासन की गाइडलाइन अथवा लेन-देन से जुड़ा कोई रजिस्टर संधारित नहीं किया जाना स्वीकार किया गया। आरोपी द्वारा क्यूआर कोड के माध्यम से अपने मोबाइल में राशि प्राप्त करना भी स्वीकार किया गया , जिसके आधार पर संबंधित मोबाइल फोन जप्त किया गया। पीड़िता और गवाहों के कथन एवं बैंक खातों के दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 06/26 धारा 317(2) , 317(4) , 318(4) बीएनएस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना मगरलोड पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी –

धमेन्द्र कुमार साहू पिता भगोली राम साहू उम्र 27 वर्ष निवासी – बेलोरा , थाना – मगरलोड , जिला – धमतरी (छत्तीसगढ़)।

क्या होता है म्यूल अकाउंट ?

म्यूल अकाउंट ऐसा बैंक खाता होता है , जिसे कोई व्यक्ति अपने नाम से खोलकर या अपना खाता दूसरों को इस्तेमाल करने देता है , ताकि अपराध से कमाये गये पैसों का लेन -देन किया जा सके। अक्सर साइबर ठग ऐसे खातों का उपयोग ऑनलाइन ठगी , फर्जी निवेश , लोन ऐप , ओटीपी फ्रॉड आदि में करते हैं। कई बार खाताधारक को लालच देकर या झांसा देकर फंसाया जाता है , लेकिन कानूनी जिम्मेदारी खाताधारक की ही होती है।

धमतरी पुलिस की अपील –

धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपना बैंक खाता , एटीएम , यूपीआई ,ओटीपी , चेकबुक किसी को ना दें , आसान पैसे या कमीशन के लालच में ना आयें , अनजान कॉल / मैसेज पर केवाईसी अपडेट ना करें , अगर किसी ने खाता इस्तेमाल करने को कहा हो तो मना करें और संदेह होने पर तुरंत 112 या नजदीकी थाना / साइबर सेल से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed