सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार
सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, धारदार हथियार जब्त
बिलासपुर |
शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक युवक को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आम रास्ते पर चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि टिकरापारा आदर्श नगर चौक के पास एक युवक धारदार हथियार लहराते हुए आम लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार को अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सुल्तान खान पिता असरफ खान (उम्र 27 वर्ष), निवासी अशोक नगर अटल आवास, सरकंडा, जिला बिलासपुर को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस जांच में आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत अपराध पाया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर डराने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
