जुआ-सट्टा पर बेलगहना पुलिस का प्रहार पंडरापथरा में सट्टा खिलाते युवक गिरफ्तार, नकदी व मोबाइल जब्त
बेलगहना | कोटा |
अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलगहना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी बेलगहना थाना कोटा पुलिस ने ग्राम पंडरापथरा में दबिश देकर सट्टा खिलाते एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी, नकदी राशि, मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बेलगहना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पंडरापथरा में एक व्यक्ति चोरी-छिपे सट्टा खेला रहा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
इस दौरान आरोपी मो. समीर अंसारी पिता कलामउद्दीन अंसारी (उम्र 35 वर्ष), निवासी पंडरापथरा, चौकी बेलगहना थाना कोटा, जिला बिलासपुर को पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से अन्य लोगों से सट्टा पट्टी का अंक लेकर सट्टा खिलाता था।
मौके से आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी के 5 कागज (जिनका हिसाब करीब 19,500 रुपये बताया गया), सट्टा पट्टी की नकद रकम 4,120 रुपये, एक मोबाइल फोन और एक पेन जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 14,120 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6(क) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही आरोपी पर बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत पृथक से कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले कई वर्षों से शातिर तरीके से सट्टा खेलाने का काम कर रहा था और लोगों की नजरों से बचने के लिए मोटरसाइकिल मैकेनिकल का कार्य भी करता था। बेलगहना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक भरतलाल राठौर तथा आरक्षक ईश्वर नेताम और धीरज जायसवाल का विशेष योगदान रहा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
