October 19, 2026

शासकीय भूमि घोटाला : 8 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260122-WA0298.jpg

घास भूमि को निजी बताकर की करोड़ों की ठगी

सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कूटरचित दस्तावेज बनाकर की थी बिक्री

बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने शासकीय भूमि की अवैध बिक्री कर ठगी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी शासकीय घास भूमि को अपनी बताकर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए कई लोगों को बेच चुका था। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले 8 माह से फरार था, जिसे अब गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सरकंडा में दर्ज अपराध क्रमांक 759/2025 व 760/2025 (धारा 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि) तथा अपराध क्रमांक 867/2025 (धारा 420, 34 भादवि) के तहत यह कार्रवाई की गई है।

शासकीय घास भूमि को निजी बताकर की बिक्री

मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी मोहम्मद आजम खान, निवासी विकास नगर, कुसमुण्डा जिला कोरबा ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में ग्राम खमतराई, पटवारी हल्का नंबर 17/25, खसरा नंबर 559/1/थ/6 की 1500 वर्गफुट भूमि को आरोपी नदीम अहमद के माध्यम से मूलभूत स्वामी बताए गए विश्वनाथ राय से 18 लाख 75 हजार रुपये में खरीदा गया था।

बाद में जब नामांतरण के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया गया, तो जांच में उक्त भूमि शासकीय जंगल/घास भूमि निकली, जिसे बिना कलेक्टर की अनुमति खरीदा-बेचा नहीं जा सकता। इसके चलते नामांतरण निरस्त कर दिया गया। इस तरह यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर शासकीय भूमि को निजी बताकर ठगी की।

अन्य पीड़ितों से भी की धोखाधड़ी

इसी तरह कौशिल्या थवाईत, निवासी गीतांजली सिटी फेस-2 एवं संजय कुमार जायसवाल, निवासी रामनगर चिंगराजपारा ने भी इसी प्रकार की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इन मामलों में आरोपी नदीम अहमद ने अपने साथियों श्रेयांश कौशिक एवं विश्वनाथ राय के साथ मिलकर शासकीय भूमि की अवैध बिक्री कर रकम हड़प ली।

सूचना पर दबिश, आरोपी गिरफ्तार

प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपी लंबे समय से फरार था। दिनांक 21 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नदीम अहमद अपने निवास पर आया हुआ है। सूचना से पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार, सीएसपी सिविल लाइन/सरकंडा निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी के घर पर घेराबंदी की गई, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में अपराध स्वीकार

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने शासकीय भूमि के कूटरचित दस्तावेज बनाकर बिक्री करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा आगे और खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed