October 19, 2026

अधिकारियों पर प्रताड़ना के आरोपों से मुंगेली प्रशासन में हड़कंप
उप-अभियंता सोनल जैन के गंभीर खुलासों के बाद निष्पक्ष जांच की मांग तेज

0
IMG-20251127-WA0076.jpg


मुंगेली। जनपद पंचायत मुंगेली में पदस्थ उप-अभियंता सोनल जैन द्वारा विभागीय अधिकारियों पर लगाए गए गंभीर आरोपों ने पूरे प्रशासनिक तंत्र को हिलाकर रख दिया है। जैन ने जिला पंचायत के प्रभारी अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, जनपद पंचायत सीईओ राकेश साहू सहित कुछ अन्य अधिकारियों पर लगातार कार्यस्थल पर अनावश्यक दबाव बनाने, प्रताड़ित करने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए हैं। उनके आरोप सामने आने के बाद जनपद कार्यालय में हलचल और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनल जैन पिछले कई महीनों से कार्यालय के वातावरण को लेकर असहज थीं। उनका कहना है कि बिना कारण फाइलों को रोका जाता था, अनावश्यक आपत्तियाँ लगाई जाती थीं और बैठकों में ऐसे सवाल पूछे जाते थे जिनका उद्देश्य केवल दबाव बनाना था। जैन का दावा है कि इस रवैये ने उन्हें मानसिक तनाव की स्थिति में पहुँचा दिया था। कई बार उन्होंने यह बात अपने सहकर्मियों से भी साझा की थी, परन्तु स्थिति में कोई सुधार नहीं आया।
सूत्रों के अनुसार, कार्यस्थल पर बढ़ते तनाव और व्यवहारिक दबाव के चलते जैन अत्यंत दुखी और मानसिक रूप से थकी हुई महसूस कर रही थीं। कर्मचारियों के एक वर्ग ने यह भी स्वीकारा कि पिछले कुछ समय से कार्यालय का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था और कर्मचारियों में अनौपचारिक असंतोष का वातावरण बना हुआ था। सोनल जैन के आरोप सामने आने के बाद यह असंतोष और अधिक स्पष्ट रूप से सामने आया है।
उधर, पंचायत कर्मियों और कर्मचारियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। उनका कहना है कि किसी भी कर्मचारी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के मामले को हल्के में नहीं लिया जा सकता। यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस बीच, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मानसिक तनाव के चलते सोनल जैन ने अत्यधिक भावुक कदम उठाने की कोशिश भी की। बताया जा रहा है कि उन्होंने एक पत्र में कई अधिकारियों के नाम दर्ज करते हुए अपने साथ हो रहे व्यवहार का उल्लेख भी किया है। घटना के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वर्जन :
जिला अस्पताल मुंगेली के सिविल सर्जन डॉ. एम.के. राय ने बताया कि “सोनल जैन, उप अभियंता जनपद पंचायत मुंगेली, आज अस्पताल में भर्ती हुई हैं। प्रथम जांच में उन्होंने फिनाइल पीने की बात कही। उनका इलाज अस्पताल में जारी है और फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed