सरकंडा में रातभर अफरातफरी: नशे में युवकों ने पुलिस टैग की आड़ में की गुंडागर्दी”….
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के सोनगंगा कॉलोनी के ठीक सामने मुख्य मार्ग पर बीती रात दो युवकों ने नशे की हालत में गंभीर उपद्रव मचाकर इलाके में हड़कंप की स्थिति पैदा कर दी। बताया गया है कि दोनों युवक एक चारपहिया वाहन में सवार थे, जिसकी नंबर प्लेट पर बड़े अक्षरों में “POLICE” लिखा हुआ था। गाड़ी चालक ने स्वयं को पुलिसकर्मी का भाई बताकर लोगों को डराने का प्रयास भी किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नशे में धुत होकर सड़क पर लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चला रहे थे और कई बार राहगीरों को टक्कर मारने की कोशिश भी की। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने “पुलिस” लिखी गाड़ी का दुरुपयोग करते हुए अभद्रता, गाली-गलौज तथा धक्का-मुक्की शुरू कर दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मुख्य मार्ग पर जाम जैसी परिस्थिति उत्पन्न हो गई। रात करीब 9 बजे के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
लोगों की बढ़ती नाराज़गी को देखते हुए युवक अपनी गाड़ी सहित मौके से फरार हो गए। हालांकि, घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज, वीडियो एवं वाहन नंबर के आधार पर उनकी पहचान हो गई है। सरकंडा पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ उपयुक्त कार्रवाई की बात कही है।
इस घटना ने एक बार फिर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं-
* आखिर “POLICE” लिखी गाड़ियों का दुरुपयोग कब रुकेगा?
* कानून-व्यवस्था को मज़बूत करने के लिए प्रभावी नियंत्रण कब सुनिश्चित होगा?
बीती रात की यह घटना स्पष्ट संकेत है कि नशे, लापरवाही और पुलिस टैग के दुरुपयोग का मिश्रण जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन रहा है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस इस प्रकरण को अपनी जिम्मेदारी और विश्वसनीयता की कसौटी मानते हुए कितनी तत्परता और कठोरता से कार्रवाई करती है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
