अचानकमार के साप्ताहिक बाजार में पहल अभियान के तहत लगा स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का किया गया समाधान
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में मुंगेली पुलिस का “पहल अभियान” एक बार फिर मानवता और जनसेवा की मिसाल बन गया। सोमवार, 28 अक्टूबर 2025 को चौकी खुड़िया अंतर्गत सूदूर वनांचल क्षेत्र अचानकमार टाइगर रिजर्व के ग्राम अचानकमार में साप्ताहिक बाजार के अवसर पर विशेष स्वास्थ्य शिविर और शिकायत निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अभियान के तहत पुलिस टीम ने न केवल ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराईं, बल्कि उनकी समस्याएँ भी सुनीं और मौके पर ही कई मामलों का निराकरण किया। लगभग 15 ग्रामों — छपरवा, लमनी, काटामी, बिंदावल, दानावखार, बम्हनी, बिरारपानी और रंजकी आदि से सैकड़ों ग्रामीण इस शिविर में पहुँचे। मेडिकल टीम ने ग्रामीणों की ब्लड प्रेशर, शुगर, बुखार, त्वचा रोग और जोड़ों के दर्द जैसी जांचें कीं तथा नि:शुल्क दवाएँ वितरित कीं।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी दैनिक समस्याओं — सड़क, राशन, पेयजल और बिजली की दिक्कतों को सुना। ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार पुलिस इस रूप में उनकी बस्ती तक पहुँची है जहाँ कानून के साथ संवेदना की भी बात हुई। ग्राम बम्हनी के गंगाराम मरकाम ने कहा, “आज पुलिस इलाज के लिए आई है, यह देखकर बहुत अच्छा लगा।” वहीं ग्राम अचानकमार की मीना सकत ने कहा, “अब लगता है पुलिस हमारी अपनी है।”
एसपी भोजराम पटेल ने कहा, “पुलिस का कार्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि समाज की सेवा भी है। पहल अभियान इसी सोच का विस्तार है।”
अभियान के तहत नशामुक्ति, महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और यातायात नियमों पर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसी पहल लगातार जारी रहनी चाहिए।”
अचानकमार में आयोजित यह शिविर न केवल जनसेवा का प्रतीक बना, बल्कि पुलिस की संवेदनशील छवि को भी और अधिक मजबूत कर गया — यह साबित करते हुए कि “पुलिस जनता के लिए है, और जनता पुलिस के लिए।”





The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
