राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के दौरान एक गंभीर लापरवाही और हादसे की घटना सामने आई है
यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है, जहां बुधवार देर रात रायपुर पुलिस द्वारा रोजाना की तरह नशे के विरुद्ध चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। उसी दौरान एक बलेनो कार (क्रमांक CG 04 ML 8357) चेकिंग पॉइंट को तोड़ते हुए तेज रफ्तार में भागने लगी। कार में सवार सिद्धांत दान और आदित्य चौधरी नाम के दो युवक पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए लापरवाहीपूर्वक वाहन दौड़ाने लगे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम ने जैसे ही कार को रोकने का प्रयास किया, चालक ने वाहन की गति और बढ़ा दी। इसी बीच वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बेकाबू कार ने यातायात आरक्षक हेम कुमार पटेल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक, उनके दाहिने पैर की हड्डी पूरी तरह से टूट गई है और फिलहाल उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि रायपुर पुलिस द्वारा नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तेलीबांधा क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी, तभी इन दोनों युवकों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए पुलिस चेकिंग पॉइंट को तोड़ दिया।
एएसपी शुक्ला ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों युवक किसी क्लब से लौट रहे थे और संभवतः नशे की हालत में थे। पुलिस की मौजूदगी देखकर उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए तेज रफ्तार में वाहन भगाने की कोशिश की, जिसके चलते यह हादसा हुआ। दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। दोनों के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिस कर्मी को चोट पहुंचाने की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। जांच के बाद उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी प्रशांत शुक्ला ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा, “पुलिस कर्मियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नशे के खिलाफ अभियान किसी भी स्थिति में रुकेगा नहीं। ऐसे लापरवाह और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।”
गौरतलब है कि रायपुर पुलिस पिछले कई महीनों से नशे के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चला रही है। शहर के प्रमुख मार्गों, क्लबों और संवेदनशील इलाकों में प्रतिदिन देर रात तक पुलिस चेकिंग की जाती है ताकि शराब और अन्य नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर लगाम लगाई जा सके। लेकिन इस बीच ऐसे लापरवाह ड्राइवर पुलिस और जनता दोनों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों पर और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं घायल आरक्षक हेम कुमार पटेल की स्थिति पर सभी की निगाहें टिकी हैं। रायपुर पुलिस ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा है कि यह घटना पुलिस के मनोबल को नहीं तोड़ेगी, बल्कि नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक मजबूती देगी।
इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नशे में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों के जीवन के लिए भी कितना खतरनाक साबित हो सकता है। रायपुर पुलिस ने अपील की है कि सभी नागरिक ट्रैफिक नियमों का पालन करें और किसी भी स्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
