October 19, 2026

वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आए किशोर
पूर्णिया में बड़ा रेल हादसा, तीन की मौत, दो गंभीर

0
Screenshot_20251003_123924.jpg


पूर्णिया । कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। जवनपुर रेलवे गुमटी के पास सुबह लगभग 5 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से तीन किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

यह हादसा कसबा थाना क्षेत्र के यवनपुर फाटक के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, जोगबनी से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान किशोर रेलवे ट्रैक पर मौजूद थे और अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए।

मृतक और घायल सभी किशोर पूर्णिया जिले के बनमनखी प्रखंड के चांदपुर भंगहा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। ये सभी किशोर पूर्णिया की एक मखाना फैक्ट्री में काम करते थे और दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही कसबा थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। रेलवे पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच से यह सामने आया कि किशोर देर रात कसबा में दशहरा मेला देखने आए थे और सुबह लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गए।

मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और विधिक औपचारिकताओं के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा शोक जताते हुए रेलवे प्रशासन से ट्रैक पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed