October 18, 2026

नान घोटाला: ईडी ने रिटायर्ड आईएएस डॉ. आलोक शुक्ला और अनिल टुटेजा को किया गिरफ्तार, 16 अक्टूबर तक रिमांड पर

0
image_search_1758611746016.jpg

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित नागरिक आपूर्ति निगम (नान) घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड आईएएस डॉ. आलोक शुक्ला और आईएएस अनिल टुटेजा को गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर की विशेष अदालत ने दोनों को 16 अक्टूबर तक ईडी की रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।

इससे पहले बिलासपुर हाईकोर्ट ने दोनों को अग्रिम जमानत दी थी, लेकिन 17 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट की डबल बेंच (जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा) ने इसे खारिज कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आरोपियों ने नान घोटाले और ईडी की जांच को प्रभावित करने की कोशिश की थी। अदालत ने आदेश दिया कि दोनों को पहले दो सप्ताह ईडी की कस्टडी और बाद में दो सप्ताह न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

गौरतलब है कि यह घोटाला 2015 में एसीबी/ईओडब्ल्यू द्वारा दर्ज एफआईआर से शुरू हुआ था, जिसमें पीडीएस प्रणाली के तहत घटिया चावल की खरीद-बिक्री में करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप है।

हाल ही में 18 सितंबर को ईडी ने डॉ. शुक्ला के भिलाई स्थित आवास पर छापेमारी की थी। उसी दौरान उन्होंने विशेष अदालत में सरेंडर करने की कोशिश की, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश की प्रति अपलोड न होने के कारण सुनवाई टाल दी गई। इसके बाद 22 सितंबर की सुनवाई के दौरान ईडी ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

ईडी का आरोप है कि डॉ. आलोक शुक्ला और अनिल टुटेजा ने अग्रिम जमानत का दुरुपयोग कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश की। बता दें कि कांग्रेस सरकार के दौरान ये दोनों अफसर बेहद प्रभावशाली रहे। डॉ. शुक्ला को संविदा पर स्कूल शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी, जबकि अनिल टुटेजा नान घोटाले के साथ-साथ शराब घोटाले और अन्य मामलों के भी आरोपी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed