गरियाबंद में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 10 नक्सली ढेर – एक करोड़ का इनामी सीसी सदस्य बालकृष्ण भी मारा गया
गरियाबंद । छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में संगठन का बड़ा चेहरा और एक करोड़ का इनामी सीसी सदस्य बालकृष्ण उर्फ मडकम भी शामिल है। इस बात की पुष्टि गरियाबंद के एसपी निखिल राठौड़ और रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने की।
आईजी ने बताया कि गरियाबंद में गुरुवार सुबह से ही नक्सल विरोधी अभियान जारी था। रुक-रुक कर हो रही गोलीबारी के बीच कई नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, नक्सली संगठन के सीसी सदस्य मनोज उर्फ मडकम बालकृष्ण को भी ढेर कर दिया गया, जिसे संगठन का बड़ा चेहरा माना जाता था।
नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी उपलब्धि
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। इस अभियान में एसटीएफ, कोबरा (सीआरपीएफ की विशेष इकाई), कमांडो बटालियन फॉर रेज़ोल्यूट एक्शन (CoBRA) और राज्य पुलिस की अन्य विशेष इकाइयों के जवान शामिल रहे।
दंतेवाड़ा में भी आईईडी विस्फोट, दो जवान घायल
इधर, दंतेवाड़ा जिले में भी गुरुवार सुबह नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए आईईडी विस्फोट किया। इसमें सीआरपीएफ की 195वीं बटालियन के दो जवान घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे इंद्रावती नदी पर बने सातधार पुल के पास उस समय हुई जब जवान एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन के लिए निकले थे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
