सीमा पार से हथियार और हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार – पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता
अमृतसर । पंजाब पुलिस ने एक बार फिर से बड़ी कामयाबी हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से चल रहे हथियारों की तस्करी और हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह अत्याधुनिक पिस्तौलें और 5.75 लाख रुपये हवाला की नकदी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह गिरोह विदेश में बैठे आकाओं के इशारे पर सोशल मीडिया के जरिए काम कर रहा था। इस नेटवर्क का मुख्य सरगना महकपुरी सिंह उर्फ रोहित है, जो विदेशी हैंडलरों के सीधे संपर्क में था और उन्हीं के निर्देशों पर हथियारों व हवाला राशि को इधर-उधर करने का काम कर रहा था।
डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी दी कि एक विशेष ऑपरेशन के तहत अमृतसर पुलिस ने चरणबद्ध तरीके से जांच कर कई गिरफ्तारियां कीं। शुरुआत परगट सिंह की गिरफ्तारी से हुई, जिसके पास से दो पिस्तौल बरामद की गईं। इसके बाद अजमेर सिंह, करनवीर सिंह और श्रीराम को भी अतिरिक्त हथियारों के साथ पकड़ा गया। सरगना महकपुरी सिंह को गोवा से तीन पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया गया। वहीं, विदेश कुमार से 5.75 लाख रुपये हवाला राशि बरामद की गई।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। उनका कहना है कि इस नेटवर्क के पूरी तरह ध्वस्त हो जाने से आतंकियों और असामाजिक तत्वों तक हथियार और हवाला राशि पहुंचने से पहले ही रोक ली गई है।
उन्होंने बताया कि अगर ये हथियार और नकदी असामाजिक व आतंकवादी तत्वों के हाथ लग जाते तो इसका गंभीर परिणाम हो सकता था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस मामले में और भी बरामदगी की संभावना जताई जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
