October 19, 2026

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 3 क्विंटल 88 किलो गांजा सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20250908-WA0599.jpg

दुर्ग। जिले में नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 क्विंटल 88 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने एक कंटेनर वाहन, उसमें भरे अन्य सामान और नगदी सहित कुल 1 करोड़ 53 लाख रुपये का मशरूका जप्त किया है।



वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 07 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कंटेनर वाहन क्रमांक NL01-AH-9524 में भारी मात्रा में गांजा भरकर रायपुर से दुर्ग की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर कुम्हारी टोल प्लाजा में नाकेबंदी कर वाहन को रोका गया। जांच में चालक ने अपना नाम उमेश यादव (46), निवासी मधुबनी, बिहार बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने उड़ीसा से 13 बोरी गांजा नागपुर में एक व्यक्ति शाहिद के पास पहुंचाने के लिए लिया था।

पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कंटेनर की तलाशी ली, जिसमें 13 बोरियां, 388 पैकेट (प्रत्येक 1 किलो) गांजा बरामद हुआ। साथ ही कंटेनर में भरा अन्य सामान और नगदी 95 हजार रुपये भी जब्त किए गए।

आरोपी उमेश यादव की निशानदेही पर थाना कुम्हारी और एसीसीयू की टीम नागपुर पहुंची और वहां से मुस्ताक अहमद (34) एवं फयाज अंसारी (24), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया।

मामले में अपराध क्रमांक 172/2025 धारा 20 (B) iiC, 25, 27 (a) एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना कुम्हारी में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed