ब्रेकिंग न्यूज : “ऑपरेशन निश्चय” में रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता, एमडीएमए ड्रग्स गिरोह के 4 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 9 पहुंचे सलाखों के पीछे
रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने नशे के विरुद्ध छेड़े गए “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडीएमए ड्रग्स के मामले में 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस तरह अब तक इस हाईप्रोफाइल प्रकरण में कुल 9 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में विधि अग्रवाल और ऋषीराज टंडन जैसे शहर के नामचीन इवेंट मैनेजर भी शामिल हैं, जो पार्टियों के आयोजन में सक्रिय रहते थे और नशे की सप्लाई का अहम चेहरा बने हुए थे। वहीं आरोपी सोहेल खान और जुनैद अख्तर को नव्या मालिक और अयाज परवेज का साथी बताया गया है।
इससे पहले 23 अगस्त को एंटी क्राइम और साइबर यूनिट व थाना गंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में देवेन्द्र नगर ओवरब्रिज के पास एक कार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 27.58 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, एक कार, 85,300 रुपए नगद और 5 मोबाइल फोन समेत लगभग 20 लाख रुपए की सामग्री जब्त हुई थी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क को संचालित करने में नाव्या मलिक और अयान परवेज की मुख्य भूमिका रही है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद जब पूछताछ हुई तो विधि अग्रवाल, सोहेल खान, जुनैद अख्तर और ऋषिराज टंडन के नाम सामने आए। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 222/25 धारा 21(सी), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल सभी से पुलिस अभिरक्षा में कड़ाई से पूछताछ कर बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं ताकि इस ड्रग्स कार्टेल से जुड़े अन्य सप्लायर और सहयोगियों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
