सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध नशीले इंजेक्शन-टेबलेट के साथ युवक गिरफ्तार
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने अवैध नशीले इंजेक्शन और टेबलेट की सप्लाई करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर 2025 को सरकंडा पुलिस ने नाग-नागिन तालाब, बहतराई के पास रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखकर दो युवक भागने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया, जिसने अपना नाम राजेन्द्र साहू पिता बनवारी लाल साहू (22 वर्ष), निवासी बहतराई बताया। दूसरा आरोपी रितेश उर्फ लूटू पाण्डेय भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
तलाशी के दौरान राजेन्द्र साहू के पास से सफेद और काले कैरी बैग में रखे 25 नग Avil Injection, 100 नग Rexogesic Injection और 130 नग Nitrazepam Tablets बरामद हुए। जब्त दवाओं की कुल कीमत करीब 6,506 रुपये आंकी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक इन दवाओं का गलत उपयोग नशे के रूप में किया जाता है, जिससे लोग धीरे-धीरे लत के शिकार होकर शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर हो जाते हैं। सांस लेने में तकलीफ, याददाश्त कमजोर होना और सामान्य जीवन जीने की क्षमता प्रभावित होना इसके गंभीर दुष्परिणाम हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन किया जा रहा है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
