October 18, 2026

पिकनिक व सामूहिक भ्रमण पर जाने वाले वाहन चालकों को यातायात पुलिस बिलासपुर की सख्त हिदायत

0
IMG-20250829-WA1265.jpg

बिलासपुर। बरसात के मौसम में नदी, नाले, झरनों और प्राकृतिक स्थलों पर पिकनिक एवं सामूहिक भोज के लिए जा रहे लोगों को यातायात पुलिस बिलासपुर ने सख्त चेतावनी दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में पुलिस ने कहा है कि लापरवाही पूर्वक वाहन चालन, शराब सेवन कर ड्राइविंग और तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अनिद्रा, थकान या नशे की हालत में वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। पिकनिक या मनोरंजन के दौरान समूहों में यात्रा करने वालों को हिदायत दी गई है कि सड़क पर बेवजह तेज गति, लापरवाही व नियमों का उल्लंघन गंभीर दुर्घटनाओं को आमंत्रण देता है।

अक्सर देखा जाता है कि युवक-युवतियां या पारिवारिक समूह नदी-नालों, पहाड़ों व धार्मिक स्थलों पर जाते समय नियमों की अनदेखी कर देते हैं। ऐसे में वाहन चालकों का नियंत्रण ब्रेक, क्लच व एक्सीलेरेटर पर कमजोर हो जाता है और दुर्घटनाएं घट जाती हैं। यही नहीं, समूह में गीत-संगीत और मनोरंजन करते हुए ड्राइवर का ध्यान भटकता है जिससे सड़क हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।

पुलिस ने विशेष रूप से कोरी डेम, औरा पानी झील, नेचर कैंप सीपत, खूंटाघाट डेम, बोइर पड़ाव झरना, महामाया रतनपुर, मल्हार, तालागांव, मत्कुद्वीप, बेलपान जैसे स्थलों पर जाने वालों को सचेत किया है। इन क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस ने अपील की है कि पिकनिक व भ्रमण पर जाने वाले लोग किसी भी प्रकार का नशा कर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करें, ओवरलोडिंग न करें, तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम न बजाएं और हर हाल में यातायात नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed