जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत शासी परिषद की बैठक संपन्न
विकास कार्यों के लिए संसाधनों की नहीं होगी कमी – केन्द्रीय राज्यमंत्री
मुंगेली । जिला खनिज संस्थान न्यास के शासी परिषद की बैठक केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की अध्यक्षता में जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आज सम्पन्न हुई। इस दौरान पूर्व बैठक में अनुमोदित कार्ययोजना अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की सेक्टरवार जानकारी, कुल अनुमोदित राशि और व्यय राशि, डीएमएफ निधि के माध्यम से अन्य गतिविधियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री साहू ने कहा कि जिले के किसी भी विकासखंड में विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कमी नही होगी। प्रगतिरत कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करें, जनता से जुड़े काम नहीं रुकना चाहिए।
बैठक में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, लोरमी विधायक प्रतिनिधि सहित समिति के अन्य सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न प्रस्ताव रखे और आवश्यक सुझाव भी दिए। शासी परिषद की बैठक में कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अपर कलेक्टर जी.एल.यादव सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने बताया कि पिछले बैठक में उच्च प्राथमिकता के कार्य जिसमें पेयजल, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण उपाय, स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, वृद्ध और निशक्तजन कल्याण, स्वच्छता, कृषि एवं अन्य सम्बद्ध गतिविधियां एवं कौशल विकास व स्वरोजगार के अंतर्गत 28.635 करोड़ रूपये के कुल 217 कार्यों की स्वीकृति दी गई थी, इनमें से 140 कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है और 67 कार्य प्रगतिरत हैं। इसी तरह अन्य प्राथमिकता क्षेत्र के भौतिक अधोसंरचना, ऊर्जा एवं जल विभाजक विकास, सिंचाई, स्थापना और युवा गतिविधि हेतु 46.795 करोड़ रूपये के 412 कार्यों की स्वीकृति दी गई थी, इनमें से 119 कार्य प्रगतिरत हैं। उन्होंने राशि अनुमोदन और आगामी कार्ययोजना के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
