October 19, 2026

गरियाबंद पुलिस की बड़ी सफलता: 196 किलो गांजा सहित 4 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

0
IMG-20250823-WA1059.jpg


गरियाबंद। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गरियाबंद पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस ने 196 किलो 120 ग्राम अवैध गांजा के साथ चार अंतर्राज्यीय तस्करों को दबोच लिया। बरामद गांजे और वाहनों की कुल कीमत 40 लाख 81 हजार रुपये आंकी गई है।



पुलिस को मिली गुप्त सूचना

गरियाबंद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध गांजा, शराब और नशीली दवाइयों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सिटी कोतवाली गरियाबंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो वाहन –

बलेनो (एमपी 20 ZT 4766)

इनोवा (एमपी 20 TA 1544)


गांजा की बड़ी खेप लेकर आ रहे हैं।

MCP पर पकड़ाए तस्कर

सूचना के आधार पर थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने मालगांव में मोबाइल चेक पोस्ट (MCP) लगाया। देर शाम जैसे ही संदिग्ध वाहन वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रुकवाने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फिल्मी अंदाज में वाहनों को तेजी से भगाने की कोशिश की।

लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बलेनो और इनोवा दोनों वाहनों को पकड़ लिया। एक आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन बाद में विवेचना के दौरान उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

भारी मात्रा में गांजा बरामद

वाहनों की तलाशी लेने पर इनोवा कार से 101.20 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग ₹10.12 लाख है। इसके साथ ही इनोवा वाहन (कीमत ₹15 लाख) और तीन मोबाइल (कीमत ₹10 हजार) भी जब्त किए गए।

वहीं बलेनो कार की तलाशी में 95.100 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग ₹9.51 लाख है। साथ ही बलेनो कार (कीमत ₹6 लाख) और एक मोबाइल (कीमत ₹8 हजार) भी जब्त किया गया।

👉 कुल जब्ती: ₹40 लाख 81 हजार

गिरफ्तार आरोपी

1. मिथुन झारिया, पिता जयराम झारिया, उम्र 27 वर्ष, निवासी पुरवा पटपारा थाना बरेला जिला जबलपुर (म.प्र.)


2. सुमित सामासी, पिता स्व. गोपाल सामासी, उम्र 27 वर्ष, निवासी बरेला मंदिर के पास जबलपुर (म.प्र.)


3. आयुषी मिश्रा, पिता नागेश मिश्रा, उम्र 20 वर्ष, निवासी धामपुर थाना धामपुर, जबलपुर (म.प्र.)


4. कोशल सिंह, पिता चेतन सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी दिनदयाल कॉलोनी, खम्हरिया, भिलाई (छ.ग.)



पुलिस ने बताया कि घटना के समय बलेनो कार में सवार आरोपी कूदकर फरार हो गया था। बाद में विवेचना के दौरान उसकी पहचान कोशल सिंह के रूप में हुई और उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुराने अपराधी निकला मुख्य आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मिथुन झारिया के खिलाफ जबलपुर जिले में पहले से ही कई मामले दर्ज हैं।

आबकारी एक्ट के 07 मामले

चोरी का 01 मामला

मारपीट के 03 मामले

जुआ का 01 मामला


यानी कुल 12 अपराध पहले से पंजीबद्ध हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।


NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

चारों आरोपियों को NDPS एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(B) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। जब्त सामग्री को समक्ष गवाहों की मौजूदगी में कब्जे में लेकर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा है कि नशे के अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जिले में तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed