रजत महोत्सव में छत्तीसगढ़ की गौरवगाथा : काव्य गोष्ठी में प्रदर्शित हुई विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म
बिलासपुर । राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत महोत्सव के तहत प्रार्थना हॉल में एक गरिमामय काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य की गौरवपूर्ण यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित 5 मिनट की लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। इस लघु फिल्म में छत्तीसगढ़ के निर्माण काल से लेकर अब तक की गौरवपूर्ण उपलब्धियों को संजोया गया है। फिल्म में वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद से शिक्षा, स्वास्थ्य,कृषि,सड़क,उद्योग,ऊर्जा,सूचना-प्रौद्योगिकी,जैसे क्षेत्रों में हुए चहुंमुखी विकास को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। फिल्म ने यह संदेश दिया कि कैसे दो दशक से अधिक की इस यात्रा में छत्तीसगढ़ ने एक पिछड़े राज्य से तेजी से प्रगतिशील राज्य बनने तक का सफर तय किया। काव्य गोष्ठी में शामिल कवि, साहित्यकारों और प्रबुद्ध नागरिकों ने फिल्म की सराहना की, उन्होंने कहा कि यह फिल्म न केवल राज्य की प्रगति का आईना है,बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी दस्तावेज भी है। साहित्यकारों ने इसे छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और विकास का जीवंत चित्रण बताया। उपस्थित प्रबुद्धजनों ने कहा कि इस तरह की लघु फिल्में और आयोजन आम जनता तक राज्य की विकास यात्रा को पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं, जिससे छत्तीसगढ़ की नई पहचान और गौरवगाथा जन-जन तक पहुंच रही है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
