करोड़ों रूपये की ठगी करने के तीन मास्टरमाइंड जेल दाखिल पचास करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का हुआ खुलासा
कबीरधाम – दस प्रतिशत प्रतिमाह लाभांश और एक वर्ष बाद मूल राशि लौटाने का झांसा देकर करोड़ों रूपये की ठगी करने के तीन मास्टरमाइंड आरोपियों को कवर्धा पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने अरविन्द तिवारी को बताया गत वर्ष 30 अक्टूबर 2024 को प्रार्थी शिव सोनी निवासी कवर्धा ने थाना कवर्धा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि DYPDHURWE BROTHERS CONSULTANTS PVT. LTD./निवेश किंग नामक कम्पनी के संचालक धर्मेश धुर्वे , यतीन्द्र धुर्वे एवं नारायण प्रसाद धुर्वे ने दस प्रतिशत प्रतिमाह लाभांश और एक वर्ष बाद मूल राशि लौटाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की। इस पर थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 672/2024 धारा 420, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया। लगातार कई दिनों की मेहनत , दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच और विभिन्न जिलों में दबिश देने के बाद आरोपियों को आज गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से महत्वपूर्ण दस्तावेज और ठगी की रकम से खरीदी गई संपत्तियों के सबूत भी जब्त किये। अब तक की जांच में यह सामने आया है कि आरोपियों ने केवल कबीरधाम जिले में ही लगभग 01 करोड़ 39 लाख रुपये की ठगी की है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सहित अन्य जिलों में इनके खिलाफ कुल लगभग पचास करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले सामने आये हैं। आरोपियों ने ठगी की रकम से बिलासपुर में सन्तावन लाख रुपये की जमीन , कवर्धा में एक करोड़ दस लाख रुपये की भूमि और टाटा हैरियर व अर्टिगा जैसी लग्ज़री गाड़ियाँ खरीदीं। कबीरधाम पुलिस की टीम ने कई जिलों में लगातार दबिश दी , बैंक ट्रांजेक्शन खंगाले और सबूतों को एक-एक कर जोड़ा , जिसके बाद यह बड़ी कार्यवाही संभव हो पाई।पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना कवर्धा पुलिस ने ठगी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश कर तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वहीं पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने कहा है कि आर्थिक अपराधियों के लिये छत्तीसगढ़ की धरती सुरक्षित नहीं है। निवेशकों को लूटने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जायेगा। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से कवर्धा पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा , थाना पांडातराई प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला , साइबर प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा , एएसआई सुरेश जायसवाल , कौशल साहू , दर्शन साहू , संजीव साहू , प्रधान आरक्षक चुम्मन साहू , अभिनव तिवारी , वैभव कल्चुरी , बालेश धुर्वे , आरक्षक लेखा चंद्रवंशी , संदीप शुक्ला , अमित ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपीगण –
धर्मेश धुर्वे पिता नारायण प्रसाद धुर्वे (उम्र 35 वर्ष) , यतीन्द्र धुर्वे पिता नारायण प्रसाद धुर्वे (उम्र 29 वर्ष) एवं नारायण प्रसाद धुर्वे पिता स्व. लखनलाल धुर्वे (उम्र 56 वर्ष) सभी निवासी वार्ड क्रमांक 11 , मठपारा कवर्धा , जिला – कबीरधाम (छत्तीसगढ़)।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
