October 20, 2026

मेडिकल व्यवसायी चाचा-भतीजे पर प्राणघातक हमला, चार आरोपी गिरफ्तार

0
Screenshot_20250819_085246.jpg


लोरमी थाना अंतर्गत ग्राम कोदवामहंत की घटना, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

लोरमी । लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम कोदवामहंत में रविवार की रात मेडिकल व्यवसायी चाचा-भतीजे पर प्राणघातक हमला करने की सनसनीखेज घटना सामने आई। पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए महज कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

घटना का विवरण

सूत्रों के अनुसार, सूचनाकर्ता प्रदीप जायसवाल पिता मौजी राम जायसवाल निवासी ग्राम कोदवामहंत अपने गांव में खुशबू मेडिकल स्टोर का संचालन करता है। 17 अगस्त की शाम लगभग 7 बजे प्रदीप का भतीजा चेतन जायसवाल मेडिकल स्टोर में बैठा था। इस दौरान गांव का ही नेतराम जायसवाल दवाई लेने पहुंचा। चेतन ने उसे उधारी दवाई देने से मना करते हुए पहले पुराने पैसे चुकाने की बात कही। इस पर नेतराम ने बताया कि उसने पुराना पैसा प्रदीप को चुका दिया है। कुछ देर की बहस के बाद चेतन ने दवाई दे दी और पूरा वाकया अपने चाचा प्रदीप को बताया।

करीब आधे घंटे बाद नेतराम का छोटा भाई दिलहरण खरीदी गई दवाइयों को लौटाने मेडिकल स्टोर पहुंचा। प्रदीप ने उसे सुबह आने की बात कही। इस बात पर दिलहरण नाराज हो गया और बहस करते हुए चला गया।

हमला कर किया लहूलुहान

रात करीब 8 बजे जब प्रदीप और चेतन मेडिकल स्टोर बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी नेतराम, उसके भाई दिलहरण, छोटू और पिता गीताराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान के सामने प्रदीप और चेतन पर अश्लील गालियां बकते हुए डंडे से हमला किया और ईंट से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।

गांव के ही नारद जायसवाल और प्रमोद डड़सेना बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपी नहीं माने और चाचा-भतीजे पर लगातार प्रहार करते रहे। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल लोरमी के 50 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्राणघातक हमले की गंभीरता को देखते हुए अपराध पंजीबद्ध किया। आरोपी गीताराम पिता कोडकू जायसवाल और उसके तीनों बेटे नेतराम, दिलहरण और छोटू को धारा 296, 115 (2), 351 (2), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और उप पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लोरमी ने पुलिस टीम भेजकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की। चारों आरोपियों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस का बयान

थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव ने बताया –
“प्रार्थी की रिपोर्ट पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पीड़ितों की मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed