October 19, 2026

तैयबा चौक में सिलेंडर धमाके से घर जलकर राख, लाखों का नुकसान — बड़ा हादसा टला

0
IMG-20250810-WA0547.jpg

बिलासपुर। शहर के तालापारा स्थित तैयबा चौक में रविवार दोपहर एक रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए धमाके ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। खाना बनाने के दौरान अचानक सिलेंडर में आग भड़क उठी, जो कुछ ही सेकंड में भयानक रूप ले ली। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि सिलेंडर फट गया और धमाके से घर का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो गया।

पूरा घर जलकर खाक
धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई और घर में रखी मशीनें, गद्दे, फ्रिज सहित लगभग पूरा घरेलू सामान जल गया। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि उस समय घर में मौजूद बच्चे और बुजुर्ग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे जनहानि टल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों की दहशत भरी कहानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की दीवारें और खिड़कियां हिल गईं। नीचे स्थित ‘एम के बैग’ की दुकान भी आग की चपेट में आने वाली थी, लेकिन कुछ लोगों ने तुरंत पानी डालना शुरू किया और दमकल को सूचना दी।

दमकल की तत्परता से काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पानी की तेज धार से आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से आग को आसपास के मकानों और दुकानों तक फैलने से रोका गया।

जांच और नुकसान का आकलन जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासनिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। प्राथमिक तौर पर अनुमान है कि लाखों का सामान जलकर खाक हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed