October 19, 2026

स्कूल की छत गिरने से दो बच्चे घायल, अभिभावकों में दहशत और आक्रोश

0
IMG_20250808_132859-1024x1365.webp

मुंगेली/जरहागांव । “चल जाबो पढ़ेबर, जीनगी गढ़ेबर” का नारा आज के हालात में विडंबना बनता जा रहा है। मुंगेली जिले के शासकीय प्राथमिक शाला बरदुली में शुक्रवार को तीसरी कक्षा में पढ़ रहे दो मासूम बच्चों के ऊपर अचानक छत का प्लास्टर भरभरा कर गिर पड़ा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना में छात्र हिमांशुक दिवाकर एवं आंशिक दिवाकर के सिर में चोटें आई हैं। हिमांशुक को सिर में तीन टांके आए हैं। घटना के बाद परिजन घबराए हुए हैं और बच्चे सदमे में हैं।

“बच्चा गुमसुम है, स्कूल जाने से डर रहा” – अभिभावक

घायल बच्चों के पिता राजा दिवाकर एवं रमेश दिवाकर ने बताया कि बच्चे सामान्य दिन की तरह स्कूल गए थे, तभी अचानक छत का प्लास्टर गिर गया। चोट लगने के बाद से बच्चे सहमे हुए हैं और स्कूल का नाम सुनते ही डरने लगते हैं।

इलाज और प्रशासनिक पहल

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता रामचंद्र साहू, मकराल यादव एवं सरपंच प्रतिनिधि तुकाराम साहू ने घर पहुंचकर बच्चों का हालचाल लिया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दशरंगपुर में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हालांकि परिजन का कहना है कि स्थिति गंभीर थी और बिलासपुर रेफर किया जाना चाहिए था।

लापरवाही या हादसा? प्रशासन की अलग राय

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामचंद्र साहू ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग को सूचना दी गई। घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया और विद्यालय प्रमुख को जर्जर भवन में कक्षा न लगाने की सख्त हिदायत दी गई है। साथ ही अतिरिक्त कक्ष निर्माण की मांग भी प्रशासन से की गई है।

बरदुली सरपंच रानू तुकाराम साहू ने बताया कि बीईओ को मौके पर भेजकर जांच करवाई गई। प्रधान पाठक अखिलेश शर्मा ने बताया कि छत के गिरने की कोई पूर्व सूचना या संकेत नहीं था, यह एक अचानक की घटना थी।

जिला शिक्षा अधिकारी सी.के. घृतलहरे ने बताया कि फिलहाल बच्चों की कक्षाएं आंगनबाड़ी भवन में संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed