October 19, 2026

स्वतंत्रता दिवस स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल में स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन जारी

0
IMG-20250807-WA0901.jpg



बिलासपुर । “आजादी का अमृत महोत्सव” के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) की पूर्व संध्या पर 01 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक चलाए जा रहे “स्वच्छता पखवाड़ा” के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष पखवाड़ा के अंतर्गत “स्वच्छ भारत मिशन” को समर्पित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मंडल के रेलवे स्टेशन, कालोनियाँ एवं कार्यालयों में स्वच्छता को प्राथमिकता दी जा रही है।
इसी क्रम में दिनाँक 06 अगस्त 2025 को मंडल के विभिन्न स्टेशनों में प्लेटफॉर्मों को गंदगी मुक्त बनाए रखने के लिए व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। धुलाई मशीनों की सहायता से प्लेटफॉर्म की सतहों से दाग-धब्बे हटाए गए। सफाई कर्मचारियों द्वारा प्लेटफॉर्म के प्रत्येक भाग की विशेष सफाई सुनिश्चित की गई तथा सुपरवाइसरों द्वारा कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की गई जिससे कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे । इसके साथ यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर स्वच्छता हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में यात्रीगण उत्साहपूर्वक शामिल हुए और स्वच्छता बनाए रखने की सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की। दिव्यांगजनों के लिए स्टेशन परिसर और भवनों में स्थित शौचालयों में बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित की गई।
सफाई कार्य में संलग्न कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं कार्यालयों में स्वास्थ्य परीक्षण हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की संपूर्ण जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। जिसका लाभ अनेक कर्मचारियों ने उठाया।
इसी क्रम में आज दिनाँक 07 अगस्त 2025 को मंडल के विभिन्न स्टेशनों में सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया जिसके अंतर्गत स्टेशन परिसरों के आस-पास, प्लेटफार्म, शौचालय, प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय सहित सर्कुलेटिंग एरिया में बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित की गई । हाइड्रेंट पाइप की सफाई एवं स्टैकिंग की व्यवस्था का उचित निरीक्षण सुनिश्चित किया गया। स्टेशन परिसरों, विशेषकर खान-पान स्टालों एवं कैन्टीनों की गहन स्वच्छता सुनिश्चित की गई। यात्रियों को बायो-टॉइलेट के उचित प्रयोग के बारे में जानकारी प्रदान की गई । इन गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन से न केवल स्टेशन परिसरों की स्वच्छता में सुधार आया है, बल्कि यात्रियों और रेलकर्मियों में स्वच्छता के प्रति चेतना भी विकसित हुई है।
रेल प्रशासन की यह पहल यह दर्शाती है कि स्वच्छता केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि एक राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन है। यात्रियों से भी अपील की जाती है कि वे स्वच्छता अभियान में सहभागी बनें और रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने में सहयोग करें।
बिलासपुर मंडल द्वारा चलाया गया यह अभियान “स्वच्छ भारत मिशन” की भावना को और मजबूत करता है तथा स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक रेलवे परिसर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
                                                            

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed