शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर युवक ने की लाखों की ठगी, सरकंडा पुलिस ने दबोचा
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक ने शेयर बाजार में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर मोहल्ले के दर्जनों लोगों से करीब 15 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने एक व्यक्ति से एक लाख रुपये लेकर डेढ़ महीने में मुनाफे सहित राशि लौटाने का वादा किया था, लेकिन समय बीत जाने के बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी को धर दबोचा।
सरकंडा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ब्यासनारायण साहू निवासी बंधवापारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी आकाश उर्फ छोटू यादव, निवासी काछीबाड़ी बंधवापारा ने उसे शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा होने का झांसा देकर कुल एक लाख रुपये की ठगी की। आरोपी ने 50 हजार रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नगद लिए थे।
आरोपी द्वारा मोहल्ले के अन्य लोगों — गुलशन केसर, अजय यादव, आलोक शर्मा, आकाश ठाकुर, विष्णु वंशकार, अमित भगत आदि से भी कुल करीब 15 लाख रुपये की ठगी की गई है। रकम मांगने पर वह टालमटोल करता रहा और अंततः घर बंद कर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर सरकंडा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय की टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेजा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
