October 19, 2026

रानीदहरा जलप्रपात में हादसा: तेज बहाव में बाइक सवार बहे, एक की मौत, एक युवक अब भी लापता

0
Screenshot_20250720_194617.jpg

कबीरधाम/मुंगेली। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रानीदहरा जलप्रपात में रविवार दोपहर अचानक आई तेज बारिश के बाद बड़ा हादसा हो गया। झरने में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि दो लोग बाइक समेत बह गए। इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे को ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया।

मृतक की पहचान मुंगेली निवासी के रूप में हुई

हादसे में मृतक की पहचान मुंगेली निवासी नरेंद्र पाल (पुत्र औतार सिंह, उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई है। उनका शव झरने से लगभग तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। वहीं उनके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति को ग्रामीणों ने बहाव से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।

मुंगेली से आए पर्यटकों का युवक लापता

इसी दौरान मुंगेली से आए 30 लोगों के एक समूह में शामिल एक युवक के लापता होने की सूचना भी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक झरने के ऊपरी हिस्से की ओर गया था और उसके बाद वापस नहीं लौटा।

पुलिस और एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी

हादसे की सूचना मिलते ही बोड़ला थाना प्रभारी राजेश चांड अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी सर्च ऑपरेशन में जुट गई है। हालांकि शाम ढलने और मौसम खराब होने के कारण रेस्क्यू में बाधा आ रही है।
लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन सोमवार सुबह पुनः शुरू किया जाएगा।

प्रशासन की अपील – जलप्रपातों से दूरी बनाए रखें

प्रशासन ने इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए पर्यटकों से अपील की है कि मानसून के दौरान झरनों, नालों और अन्य जल स्रोतों के समीप जाने से बचें, क्योंकि अचानक पानी का बहाव जानलेवा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed