गला दबाकर हत्या करने का फरार आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग – प्रेम संबंध के चलते बार – बार शादी करने का दबाव बनाने पर गला दबाकर हत्या करने के फरार आरोपी को नंदिनी नगर पुलिस ने तकनीकी सहायता से चौबीस घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार विगत दिवस 13 जुलाई को प्रार्थिया श्रीमती ममता जंघेल टाउनशीप मार्केट नंदिनी के द्वारा थाना नंदिनी नगर में सूचना दिया गया कि 12 जुलाई की रात्रि नौ बजे से 13 जुलाई की सुबह साढ़े आठ बजे के मध्य मृतिका कुंवरिया बाई उर्फ चिंया उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम हरदी हाल नंदनी टाउनशीप संदिग्ध अवस्था में मृत पाई गई है। सूचना पर थाना नंदिनी नगर में मर्ग कायम कर जांच विवेचना में लिया गया। मर्ग की जांच के दौरान पाया गया कि मृतिका कुंवरिया बाई का दीपक कुमार तोडसे निवासी अहिवारा के साथ प्रेम सबंध था , जिस पर मृतिका बार- बार शादी करने का दवाब बना रही थी। दीपक कुमार तोडसे 12 जुलाई की रात्रि लगभग नौ बजे मृतिका के घर गया था , दोनों के मध्य शादी की बात को लेकर वाद विवाद हुआ और दीपक कुमार आक्रोशित होकर मृतिका के गला दबाकर हत्या कर मौके से फरार हो गया। थाना नंदिनी नगर में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक -159/25 धारा 103(1) बीएनएस कायमकर विवेचना में लिया गया। आरोपी की पतासाजी के दौरान सीसीटीव्ही फूटेज , त्रिनयन ऐप्पस , सायबर तकनीकी , टावर डम्प के माध्यम से संदेही दीपक कुमार तोडसे को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर कुंवरिया बाई की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी –
दीपक कुमार तोडसे उम्र 42 वर्ष रायपुर रोड अहिवारा , थाना – नंदिनी नगर , जिला – दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
