October 19, 2026

बी.एन. गोल्ड कंपनी की 5.53 करोड़ की धोखाधड़ी का खुलासा, मुंगेली पुलिस ने दो फरार डायरेक्टरों को पकड़ा

0
IMG_20250624_075941_915.jpg



मुंगेली । निवेशकों से करोड़ों की ठगी कर वर्षों से फरार चल रहे बी.एन. गोल्ड रियल स्टेट एंड एलाइड लिमिटेड कंपनी के दो डायरेक्टरों को मुंगेली पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के नेतृत्व में सरगांव थाना पुलिस द्वारा की गई।
8 साल पुराने मामले में बड़ी सफलता : वर्ष 2016 में बी.एन. गोल्ड कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता हैपशिया प्रकाश ने आरोप लगाया था कि कंपनी के एजेंट कन्हैया साहू द्वारा उसकी मां के नाम से खाता खुलवाकर हर माह ₹1000 की दर से 5 वर्षों तक रकम जमा करने का वादा किया गया था। बदले में मूलधन के साथ ₹24,000 अतिरिक्त लौटाने की बात कही गई थी। पीड़िता ने कुल ₹38,000 तक जमा किए थे, लेकिन अप्रैल 2016 में कंपनी फरार हो गई और दफ्तर बंद मिला।
प्रारंभिक मामला : इस पर थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 262/2016 धारा 420, 34 भा.दं.वि., इनामी चिट अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और निवेशकों संरक्षण अधिनियम की धारा 10 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पहले से इस मामले में कुल 9 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें कंपनी डायरेक्टर सचिन दामोर और एजेंट कन्हैया साहू सहित अन्य राज्यों के आरोपी शामिल हैं।
फरार डायरेक्टरों की गिरफ्तारी : प्रकरण की विवेचना के तहत धारा 173(8) जा.फौ. के अंतर्गत फरार दो मुख्य आरोपी –
1. चरण सिंह ठाकुर (निवासी आस्टा, सिहोर, म.प्र.)
2. विक्रम सिंह सोनालिया (निवासी आस्टा, सिहोर, म.प्र.) की लगातार पतासाजी की जा रही थी। पुलिस टीम को जानकारी मिली कि दोनों सिहोर में रह रहे हैं। इस पर टीम ने मध्यप्रदेश में दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे कंपनी में डायरेक्टर रह चुके हैं और निवेशकों से लगभग ₹5.53 करोड़ (5,53,22,722) की राशि एकत्र की थी।

ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा गया : दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी : इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष शर्मा, सउनि महादेव खुंटे, आरक्षक जितेन्द्र जाधव और रिपिन बनर्जी की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शेष फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed